खटीमाः गंगा स्नान मेले में पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, बचपन के दिनों की याद की साझा
खटीमा, अमृत विचार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर 22 पुल झनकईया में लगने वाले गंगा स्नान मेले का शुभारंभ किया तथा शारदा के गंगा घाट पर गंगा आरती की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मेले हमारी कला एवं संस्कृति को संजो कर रखने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं …
खटीमा, अमृत विचार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर 22 पुल झनकईया में लगने वाले गंगा स्नान मेले का शुभारंभ किया तथा शारदा के गंगा घाट पर गंगा आरती की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मेले हमारी कला एवं संस्कृति को संजो कर रखने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं उन्होंने कहा कि बचपन से ही मेले का लगाव रहा है जिस कारण मैं कक्षा चार से ही 22 पुल झनकईया मेले में शामिल होता रहा हूं। उन्होंने कहा कि इस मेले से मेरा बचपन से ही लगाव एवं जुड़ाव होने के कारण समिति के कहने पर व्यस्ततम कार्यक्रम के बावजूद मेले में शामिल हुआ हूँ। यह मेरा सौभाग्य है कि गंगा स्नान पर्व यहां मना रहा हूं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 21 सालों से उत्तर प्रदेश के साथ परिसंपत्तियों के बंटवारे को लेकर वार्ताएं चल रही थी परंतु समाधान तक नहीं पहुंच पा रही थी। पुष्कर सिंह धामी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद करते हुए कि मुख्यमंत्री स्तर की बैठक में एक-एक करके परिसंपत्तियों के बंटवारे को लेकर एक-एक बिंदु पर सहमति बन गई । उन्होंने कहा कि 57सौ हेक्टेयर भूमि तथा सिंचाई विभाग के 1700 मकान जो सिंचाई विभाग के अधीन है शीघ्र ही जॉइंट सर्वे कराकर सर्वे के आधार पर उत्तर प्रदेश को उसकी आवश्यकता के अनुसार भूमि में मकान देने के पश्चात बाकी सभी भूमि उत्तराखंड की होगी। इसके साथ ही परिसंपत्तियों के बंटवारे से उत्तराखंड व क्षेत्र को होने वाले फायदों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।इस अवसर पर मेला कमेटी ने मोमेंटो भेंट कर माननीय मुख्यमंत्री धामी को सम्मानित किया।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने बगूलिया दुर्गा मन्दिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की तथा देश व प्रदेश की सुख-समृद्धि एंव खुशहाली की कामना की और चटाई पर बैठकर केले के पत्ते पर खिचड़ी रूपी प्रसाद ग्रहण किया। धामी ने वन शक्ति मन्दिर में भी पूजा की।
इस अवसर पर विधायक प्रेम सिंह राणा ने भी अपने विचार रखे।
इस दौरान मेला कमेटी अध्यक्ष शेर सिंह दानू,उपाध्यक्ष ओमनाथ यादव, प्रबन्धक पूरन सिंह धामी, प्रचार मंत्री कैलाश मौर्या, महामंत्री जगमोहन धामी, उपाध्यक्ष किसान आयोग राजपाल सिंह, रविन्द्र राणा, किसन सिंह किन्ना, नवीन कन्याल, धनसिंह सामंत, पावस गुप्ता, सतीश गोयल सहित मंडलायुक्त सुशील कुमार, डीआईजी नीलेश आनंद भरणे, जिलाधिकारी रंजना राजगुरु, एसएसपी दलीप सिंह कुंवर, मुख्य विकास अधिकारी आशीष भटगाई, परियोजना निदेशक हिमांशु जोशी, अपर जिलाधिकारी जयभारत सिंह आदि रहे।
