काशीपुर: ट्रैक्टर ट्रॉली को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, एक की मौत
काशीपुर, अमृत विचार। सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने राहगीरों की मदद से सरवरखेड़ा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जानकारी के अनुसार भूरा पुत्र नन्हे, उस्मान पुत्र अल्लादिया, इरफान पुत्र आशक अली निवासी फैजुल्ला नगर चमरा …
काशीपुर, अमृत विचार। सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने राहगीरों की मदद से सरवरखेड़ा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार भूरा पुत्र नन्हे, उस्मान पुत्र अल्लादिया, इरफान पुत्र आशक अली निवासी फैजुल्ला नगर चमरा वाला थाना ठाकुरद्वारा जिला मुरादाबाद और फखरुद्दीन निवासी आजाद नगर ठाकुरद्वारा ट्रैक्टर ट्राली में भूसा लादकर मुरादाबाद रोड स्थित सिद्धार्थ पेपर मिल के लिए ले जा रहे थे। रास्ते में पशुपति लुमिनेटर प्राइवेट लिमिटेड के सामने पीछे से ओवरटेक कर रहे अज्ञात वाहन ने ट्राली में टक्कर मार दी। जिससे ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर रोड की साइड में पलट गया। इससे भूसे में भूरा तथा उस्मान बुरी तरह से दब गए। जबकि इरफान और फखरुद्दीन ट्रैक्टर से दूर जा गिरे।
ट्रॉली पलटने की घटना को देखकर राहगीरों की भीड़ लग गई। सूचना मिलने पर सूर्या चौकी पुलिस मौके पर पहुंची भूसे में दबे भूरा और इरफान को राहगीरों की मदद से बाहर निकाल कर निजी वाहन द्वारा सरवरखेड़ा स्थित एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां पर डॉक्टरों ने भूरा को मृत घोषित कर दिया।
जबकि उस्मान, इरफान एवं फखरुद्दीन को प्राथमिक इलाज देने के बाद छुट्टी कर दी गई है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक भूरा पांच भाइयों में तीसरे नंबर का था और मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का पालन पोषण करता था। भूरा का विवाह डेढ़ वर्ष पूर्व हुआ था।
