गरीब, दलित, वंचितों की योगी सरकार में कोई सुनवाई नहीं: प्रियंका गांधी
प्रयागराज। प्रयागराज में दलित परिवार के चार सदस्यों की हत्या को लेकर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर प्रियंका गांधी ने निशाना साधा है। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि गरीब, दलित व वंचितों की इस सरकार में कोई सुनवाई नहीं है। मगर समाज के इस तबके को न्याय दिलाने के लिये उनकी पार्टी हमेशा तैयार …
प्रयागराज। प्रयागराज में दलित परिवार के चार सदस्यों की हत्या को लेकर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर प्रियंका गांधी ने निशाना साधा है। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि गरीब, दलित व वंचितों की इस सरकार में कोई सुनवाई नहीं है। मगर समाज के इस तबके को न्याय दिलाने के लिये उनकी पार्टी हमेशा तैयार है। शुक्रवार शाम प्रयागराज में प्रियंका ने फूलचंद पासी के परिवार से मुलाकात की।
गौरतलब है कि फूलचंद पासी सतेत परिवार के चार सदस्यों की बुधवार रात हत्या कर दी गयी थी। जिनके लहूलुहान शव पुलिस को गुरुवार को मिले थे। फाफामऊ स्थित पीड़ित परिवार के आवास पर पहुंची प्रियंका ने परिवार की महिला सदस्यों से बातचीत की और उन्हें ढाढस बंधाया। इस मौके पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और कुछ अन्य नेता साथ थे। पीड़ित परिजनों ने बताया कि पड़ोस के सामंती गुंडों को स्थानीय पुलिस का संरक्षण प्राप्त था। उन्होंने पहले भी परिवार को धमकाया था, जिसकी शिकायत पुलिस से की गयी थी। मगर पुलिस ने उन्हें अनसुना कर थाने से भगा दिया।
पढ़ें: पोषण वाटिका लगाएं, बच्चों को सुपोषित बनाएं : डीपीओ
परिजनों ने कांग्रेस महासचिव को बताया कि उनकी बात पुलिस में नहीं सुनी जाती थी और स्थानीय प्रशासन खुलकर गुंडों का साथ देता था। प्रियंका ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की खुलकर धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। इस सरकार में गरीबों, दलितों व वंचितों की कोई सुनवाई नहीं है। प्रियंका ने कहा कि आज संविधान दिवस है, न्याय संविधान का सबसे महत्वपूर्ण मूल्य है। मैं न्याय की लड़ाई के साथ हूं।
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि शाम करीब चार बजे दिल्ली से प्रयागराज पहुंची थीं। जहां से वह सीधे पीड़ित परिजनों से मिलने निकल गईं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और अन्य पदाधिकारी सड़क मार्ग से प्रयागराज पहुंचे थे। लल्लू ने कहा कि योगी सरकार के कार्यकाल में यूपी में कानून व्यवस्था ध्वस्त है और दलित उत्पीड़न की घटनायें चरम पर है। पासी जाति के लोगों की सामंती गुंडों ने हत्या कर दी।
