हल्द्वानी: शहीदों की वीरांगनाएं और परिजन हुए सम्मानित, सैन्य धाम निर्माण की तैयारियां हुईं तेज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। देहरादून में बनने जा रहे सैन्य धाम की तैयारियों के बीच आज हल्द्वानी के रामलीला मैदान में शहीद सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने जनपद के 56 व अल्मोडा जनपद के 03 शहीद सैनिकों के परिजनों को अंगवस्त्र व ताम्रपत्र देकर सम्मानित किया। इस …

हल्द्वानी, अमृत विचार। देहरादून में बनने जा रहे सैन्य धाम की तैयारियों के बीच आज हल्द्वानी के रामलीला मैदान में शहीद सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने जनपद के 56 व अल्मोडा जनपद के 03 शहीद सैनिकों के परिजनों को अंगवस्त्र व ताम्रपत्र देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में शहीदों की वीरांगनाओं और परिजन को ताम्रपत्र और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

इस दौरान बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि देहरादून में पांचवें धाम के रूप में सैन्य धाम बनाया जा रहा है। इसके लिए सम्मान यात्रा निकालकर पूरे प्रदेश से 1734 शहीदों के घर से मिट्टी इकट्ठा की जा रही है। उन्होंने कहा कि उपनल में कार्यरत पूर्व सैनिकों को सातवें वेतनमान का लाभ देने के लिए प्रस्ताव जल्द ही कैबिनेट में लाया जाएगा। इस दौरान शहीदों के परिजनों ने सैन्य धाम बनने पर खुशी जताई।

सैनिक सम्मान समारोह में मौजूद शहीदों की वीरांगनाएं।

सैनिक कल्याण मंत्री ने कहा कि देहरादून के गुनियाल गांव में 68 करोड़ की लागत से भव्य सैन्यधाम बनाया जा रहा है। जिसमें म्यूजियम, ऑडिटोरियम, अमर ज्योति जवान, लाइट एंड साउंड के साथ ही बाबा हरभजन सिह एवं बाबा जसवन्त सिंह का मंन्दिर निर्माण भी किया जाएगा।

इस मौके पर संसदीय कार्य, नागरिक आपूर्ति एवं शहरी विकास मंत्री बंशीधर भगत, महापौर डॉ. जोगेन्द्र पाल सिह रौतेला, जिला पंचायत अध्यक्ष बेला तोलिया, विधायक राम सिंह कैडा,  भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, प्रदेश महामंत्री सुरेश भटट, मेजर जनरल सेनि. इंद्र सिंह बोरा आदि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार