नैनीताल जिले में कोरोना के सात मरीज मिले, संक्रमण का खतरा बढ़ा
हल्द्वानी, अमृत विचार। नैनीताल जिले में कोरोना के एक ही दिन में सात मरीज मिले हैं। यहां कई दिनों से संक्रमण पर लगी लगाम अब कम होती दिखाई दे रही है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है। रविवार का दिन कोरोना संक्रमण के मामले में डराने वाला रहा। …
हल्द्वानी, अमृत विचार। नैनीताल जिले में कोरोना के एक ही दिन में सात मरीज मिले हैं। यहां कई दिनों से संक्रमण पर लगी लगाम अब कम होती दिखाई दे रही है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है।
रविवार का दिन कोरोना संक्रमण के मामले में डराने वाला रहा।
नैनीताल जिले में कोरोना के सात नए मरीज सामने आए हैं। यहां कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर अब 20 हो गई है। इधर सीएमओ नैनीताल डा. भागीरथी जोशी ने कहा है कि मरीजों की हिस्ट्री पता की जा रही है। संभवत: यह लोग दूसरे प्रदेश के हैं। उनकी कांट्रेक्ट हिस्ट्री भी निकाली जा रही है। जो लोग इन मरीजों के संपर्क में आए होंगे उनका भी कोरोना चेकअप किया जाएगा।
साथ ही जिले में अब कोरोना जांचों को और बढ़ाया जाया रहा है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग के दावे के उलट जिले में रविवार को कोरोना जांच का आंकड़ा बहुत ही कम रहा। पूरे दिन भर में नैनीताल जिले में केवल 228 लोगों की ही कोरोना जांच की गई है। साथ ही 413 लोगों की रिपोर्ट आना बाकी है। कुमाऊं में नैनीताल के अलावा अल्मोड़ा में कोरोना के दो और ऊधमसिंह नगर में एक मरीज मिला है।
गढ़वाल के टिहरी में 19 मामले
गढ़वाल के टिहरी जिले में कोरोना के 19 नए मामले मिले हैं। अभी तक कोरोना के ज्यादातर मामले देहादून से मिल रहे थे जबकि बाकी जिलों में नियंत्रण था। अब देहरादून के अलावा अन्य जिलों में भी कोरोना के मामले बढ़ने लगे हैं। इधर देहरादून में उत्तराखंड में सेना की बटालियन में कई जवान कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। उक्त जवानों को क्वारंटीन कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक देहरादून जिले की चकराता स्थित एक बटालियन में सेना के कई जवान कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।
कोरोना नियमों का पालन न करना पड़ रहा भारी
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि कोरोना नियमों का पालन न करना कोरोना के बढ़ रहे मामलों की वजह बन रहा है। साथ ही लोग दूसरा टीका लगाने से बच रहे हैं। जबकि कोरोना से बचाव के लिए दूसरा टीका लगाना भी जरूरी है। इधर ज्यादातर लोगों ने मास्क पहनना और सैनेटाइजर का इस्तेमाल करना छोड़ दिया है।
