बरेली: भाजपा सरकार में खुद को ज्यादा सुरक्षित महसूस कर रहे हैं व्यापारी- रजनीकांत
बरेली, अमृत विचार। भारतीय जनता पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ का मंडलीय व्यापारी सम्मेलन बुधवार देर शाम इन्वर्टिस विश्वविद्यालय के सभागार में हुआ। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव को पहुंचना था लेकिन उनके नहीं पहुंचने पर भाजपा ब्रज क्षेत्र के अध्यक्ष रजनीकांत महेश्वरी ने सम्मेलन की कमान संभाली और विपक्षियों पर जमकर बरसे। …
बरेली, अमृत विचार। भारतीय जनता पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ का मंडलीय व्यापारी सम्मेलन बुधवार देर शाम इन्वर्टिस विश्वविद्यालय के सभागार में हुआ। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव को पहुंचना था लेकिन उनके नहीं पहुंचने पर भाजपा ब्रज क्षेत्र के अध्यक्ष रजनीकांत महेश्वरी ने सम्मेलन की कमान संभाली और विपक्षियों पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि भाजपा, बसपा, सपा, कांग्रेस के शासनकाल को प्रदेश की जनता ने बखूबी देखा है।
उनके शासनकाल में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर रहा। व्यापारी हित में मोदी और योगी सरकार की तरफ से शुरू की गई जनकल्याणकारी योजनाओं को गिनाते हुए कहा कि जब से यूपी में भाजपा की सरकार आई है हालात बदल गए हैं। अपराधियों और माफियाओं पर शिकंजा कसने से व्यापारी भी खुद को पहले से ज्यादा सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक व विशिष्ट अतिथि विनीत अग्रवाल ने कहा सरकार ने जो व्यापारियों के हित में काम किए हैं, उसका बड़े पैमाने पर व्यापारियों को फायदा मिल रहा है। भाजपा सरकार द्वारा व्यापारियों के लिए चलाई जा रही योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। व्यापारी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष मनीष गुप्ता ने कहा कि सरकार ने व्यापारी वर्ग के लिए अनेक योजनाएं प्रारंभ की हैं, जिसका लाभ छोटे से छोटे व्यापारी को मिल रहा है।
अगर हादसे में किसी व्यापारी की मृत्यु होती है या वह पूर्ण दिव्यांग होता है तो उसे 10 लाख रुपए तक का बीमा का लाभ दिया जाएगा, ताकि उसके सामने आर्थिक संकट खड़ा न होने पाये। कार्यक्रम का सफल संचालन सुदेश अग्रवाल व रामकृष्ण शुक्ला ने किया।
भाजपा महानगर व्यापार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष रितेश मोहन गुप्ता ने सभी का आभार व्यक्त किया। मेयर उमेश गौतम, शहर विधायक डा. अरूण कुमार, महानगर अध्यक्ष डॉ. केएम अरोरा, जिलाध्यक्ष पवन शर्मा, आंवला जिलाध्यक्ष वीरपाल सिंह, जिला संयोजक व्यापार प्रकोष्ठ आंवला योगेश महेश्वरी, घनश्याम खंडेलवाल चेयरमैन बीएल एग्रो, राजीव गुप्ता, राजेंद्र गुप्ता, राजेश जसौरिया, जुगल सुखानी, अजय गुप्ता, महावीर जयसवाल, धर्मवीर, राजेंद्र प्रसाद, अधीर सक्सेना, प्रतेश पांडे, बंटी ठाकुर,डॉ तृप्ति गुप्ता, शीतल गुलाटी आदि शामिल रहे।
मुकुट लेकर खिसक गए व्यापारी नेता
वैसे तो यह सम्मेलन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव की अध्यक्षता में होना था, लेकिन आखिरी समय में उनका कार्यक्रम निरस्त हो गया। प्रदेश अध्यक्ष के आगमन की सूचना पर एक व्यापारिक संगठन के अध्यक्ष ने कद बढ़ाने को चांदी के मुकुट की व्यवस्था की थी। यह मुकुट प्रदेश अध्यक्ष को पहनाया जाना था।
इस मुकुट के लिए बकाया चंदा एकत्र किया गया। लेकिन जैसे ही कार्यक्रम में आगमन नहीं होने की सूचना मिली तो वह मुकुट के साथ ही कार्यक्रम से गुपचुप तरीके से निकल गए। इसके अलावा भी तमाम व्यापारी जो प्रदेश अध्यक्ष के सामने खुद को बेहतर साबित करने चाहते थे और उनके लिए मोमेंटों लेकर पहुंचे थे उनको भी निराशा हाथ लगी और निकल गए।
…नहीं जुटा सके भीड़
आगामी चुनाव में अपने पक्ष में माहौल बनाने के लिए भाजपा का यह मंडलीय व्यापारी सम्मेलन बड़ा महत्वपूर्ण था। इसमें आने वाली भीड़ से जनप्रतिनिधि के आगामी चुनाव में व्यापारियों का मन टटोलने की बात कही जा रही है। इसलिए पिछले कई दिनों से कार्यक्रम की जोरों शोरों से तैयारी चल रही थी। कार्यक्रम में मंडल के समस्त जिलों के 2500 से अधिक व्यापारियों के पहुंचने की बात कही जा रही थी, लेकिन सम्मेलन में हालात उलट दिखे। कई बड़े व्यापारिक संगठनों के नेताओं ने तो शामिल होना मुनासिब नहीं समझा।
