संघ का बड़ा केंद्र होगा सुल्तानपुर का ‘रज्जू भैया सदन’
सुल्तानपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की दृष्टि से पूर्वी उत्तर प्रदेश के अवध क्षेत्र का सुल्तानपुर जिला अहम बनने जा रहा है। जहां अत्याधुनिक संसाधनों से युक्त बहुउद्देशीय विशाल संघ कार्यालय बनकर तैयार हो चुका है। जो राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के चौथे सरसंघचालक प्रो राजेन्द्र सिंह उर्फ रज्जू भैया के नाम से ‘‘रज्जू भैया सदन’’ होगा। …
सुल्तानपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की दृष्टि से पूर्वी उत्तर प्रदेश के अवध क्षेत्र का सुल्तानपुर जिला अहम बनने जा रहा है। जहां अत्याधुनिक संसाधनों से युक्त बहुउद्देशीय विशाल संघ कार्यालय बनकर तैयार हो चुका है। जो राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के चौथे सरसंघचालक प्रो राजेन्द्र सिंह उर्फ रज्जू भैया के नाम से ‘‘रज्जू भैया सदन’’ होगा। संघ की केन्द्रीय मार्गदर्शक मण्डल के सदस्य व निवर्तमान सरकार्यवाह सुरेश जोशी (भैय्या जी जोशी) 8 दिसंबर को एक बजे लोकार्पण करेंगे। संभावना है कि इसी माह से यहां संघ की गतिविधियां प्रारम्भ हो जायेगी।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का यह कार्यालय अयोध्या-प्रयागराज राजमार्ग पर गोमती नदी से उत्तर पुराना सुल्तानपुर कस्बा के नाम से मशहूर उस जगह पर बनाया गया है। जिसे मुस्लिम शासक अलाउद्दीन खिलजी ने उजाड़कर नष्ट कर दिया था और यहां के तत्कालीन भर शासक नंदकुंवर की हत्या करने के बाद इस नगर का नाम कुशभवनपुर से सुलतानपुर कर दिया था। यहीं नहीं 1857 में अंग्रेजों ने बगावत की सजा के तौर पर पुराना सुलतानपुर को पुनः उजाड़ कर ‘‘बे-चिरागी’’ घोषित कर दिया था।
इससे पहले बताया जाता है कि रामायण काल में भगवान श्रीराम चन्द्र जी के बाद राज्य के बंटवारे में प्राप्त दक्षिण कोशल की राजधानी के तौर पर महाराज कुश ने गोमती तट पर कुशभवनपुर (मौजूदा सुलतानपुर) बसाया था। जिसपर 11-12वीं शताब्दी के आसपास शैव मतानुयायी भर राजा नंदकुंवर का शासन था। इस स्थान के पुनर्जागरण का राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का यह सफल प्रयास है। वहीं, अयोध्या धाम, प्रयागराज, सुल्तानपुर, अमेठी, प्रतापगढ़ के बीच स्थित बना संघ का आधुनिक कार्यालय पूर्वांचल की गतिविधियों का केंद्र होगा। संघ की बड़ी और महत्वपूर्ण बैठकें व प्रशिक्षण शीघ्र ही आयोजित होने शुरू हो जायेंगे। बुधवार को लोकार्पण के दिन हजारों लोगों के बैठने आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
पढ़ें: काशी विश्वनाथ कॉरिडोर: भगवा रंग में रंगी मस्जिद, सफेद करने का निर्देश
संघ के जिला कार्यवाहक डॉ पवनेश मिश्र ने बताया कि इस वर्ष 16 फरवरी को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र प्रचारक अनिल, प्रान्त प्रचारक रमेश की उपस्थिति में जिला संघचालक डॉ ए.के. सिंह ने सपत्नी भूमि पूजन किया था। वहीं, सालभर के अन्दर बहुमंजिला इमारत बनकर तैयार हो गई है। संघ के आधुनिक भवन में लिफ्ट की व्यवस्था के साथ लगभग दो दर्जन कमरे, चार सौ लोगों का मीटिंग हाल, कॉन्फ्रेंस रूम व 40 गाड़ियों की पार्किंग की व्यवस्था बनाई गई है। लोकार्पण के चलते रात दिन चलने वाले इस तैयारी को खुद नियमित से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक अजीत देख रहे हैं। इनके साथ संघ के अनेक कार्यकर्ता शिवनाराराण तिवारी, रूपेश सिंह, नवीन श्रीवास्तव, अनिल सिंह, राजेश पांडे, अनिल पाण्डेय आदि सहयोग में लगे हैं।
