ज्योलीकोट के सिमलखेत तोक में पिंजड़े में कैद हुआ तेंदुआ, रेस्क्यू सेंटर भेजा
ज्योलीकोट, अमृत विचार। चोपड़ा ग्रामसभा के सिमलखेत तोक में एक तेंदुआ पिंजड़े में कैद हुआ है। वन विभाग ने तेंदुए को रानीबाग स्थित रेस्क्यू सेंटर भेज दिया है। साथ ही तेंदुए के आदमखोर होने का पता करने के लिए इसका सैंपल जांच के लिए देहरादून भेजा जाएगा। वन विभाग के अनुसार, बीती 16 नवंबर को …
ज्योलीकोट, अमृत विचार। चोपड़ा ग्रामसभा के सिमलखेत तोक में एक तेंदुआ पिंजड़े में कैद हुआ है। वन विभाग ने तेंदुए को रानीबाग स्थित रेस्क्यू सेंटर भेज दिया है। साथ ही तेंदुए के आदमखोर होने का पता करने के लिए इसका सैंपल जांच के लिए देहरादून भेजा जाएगा।
वन विभाग के अनुसार, बीती 16 नवंबर को एक तेंदुआ चोपड़ा ग्रामसभा के दांगण तोक में घर में खेल रही राखी जीना (5 वर्ष) पुत्री मोहन सिंह जीना को उठा ले गया था। बाद में बच्ची का शव घर से कुछ दूरी पर मिला था। इसके बाद वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए चोपड़ा ग्रामसभा के अंतर्गत पांच पिंजड़े लगाये थे। इनमें एक पिंजड़ा बच्ची के घर के बाहर लगाया गया था।
इस घटना के दूसरे दिन ही एक चार वर्षीय मादा तेंदुआ पिंजड़े में कैद हो गई थी। इसके बाद कयास लगाये जा रहे थे कि आदमखोर तेंदुआ पकड़ा गया। फिर भी वन विभाग ने चोपड़ा ग्राम सभा में लगाये पिंजड़े हटाये नहीं थे। इस घटना के तकरीबन तीन हफ्तों बाद एक तेंदुआ सिमलखेत तोक में लगे पिंजड़े में कैद हुआ है। वन अधिकारियों के अनुसार तेंदुआ की उम्र तकरीबन आठ साल है। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची वन टीम ने तेंदुए को रानीबाग स्थित रेस्क्यू सेंटर भेज दिया है। साथ ही तेंदुआ आदमखोर है या नहीं इसका पता लगाने के लिए स्टूल का नमूना जांच के लिए देहरादून भी भेजा जाएगा।
पिंजड़े में पकड़े गये नर तेंदुए की उम्र आठ वर्ष से अधिक है। तेंदुए को रेस्क्यू सेंटर भेज दिया गया है। उच्चाधिकारियों के आदेश के बाद उसे अन्यत्र जगह छोड़ा जाएगा। अभी भी चोपड़ा ग्राम सभा में पिजड़े लगाये गये हैं। अभी भी दो शिकारी वन कर्मियों के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे हैं। – भूपाल सिंह मेहता, रेंजर मनोरा वन रेंज नैनीताल वन डिवीजन
