हल्द्वानी: राजपुरा क्षेत्र में 15 दिन से पानी के लिए हाहाकार, परेशान लोगों ने अधिशासी अभियंता को घेरा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। शहर में पानी की समस्या बनी हुई है। इससे लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि जल संस्थान की समस्या की अनदेखी कर रहा है। मंगलवार को राजपुरा के लोग ईई जल संस्थान से मिले। लोगों ने ईई को ज्ञापन सौंप क्षेत्र में जल्द पेयजलापूर्ति बहाल करने की मांग की। …

हल्द्वानी, अमृत विचार। शहर में पानी की समस्या बनी हुई है। इससे लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि जल संस्थान की समस्या की अनदेखी कर रहा है। मंगलवार को राजपुरा के लोग ईई जल संस्थान से मिले। लोगों ने ईई को ज्ञापन सौंप क्षेत्र में जल्द पेयजलापूर्ति बहाल करने की मांग की।

राजपुरा में पिछले 15 दिनों से पानी न आने से हाहाकार मचा हुआ है। गुस्साए लोग मंगलवार को जल संस्थान के कार्यालय पहुंच गए। यूथ कांग्रेस महानगर अध्यक्ष हेमंत साहू के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने जल संस्थान के अधिशासी अभियंता से कहा कि 15 दिनों से वह पानी की बूंद के लिए तरस गए हैं। स्थिति यह हो गई है कि लोगों को पीने के पानी की बोतल खरीदकर काम चलाना पड़ रहा है। साहू का कहना है कि राजपुरा की 10 हजार की आबादी है और लोगों को पानी के लिये दर-दर भटक पड़ रहा है। पिछले बार खराब हुई नलकूप की मोटर ठीक होने के 24 घंटे के भीतर खराब हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पेयजल संकट से निजात की मांग की है। चेताया कि अगर उनकी समस्या का निदान नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे।

इधर, ईई संजय श्रीवास्तव ने बुधवार दोपहर तक पानी की आपूर्ति सुचारू करने का भरोसा दिया है। इस मौके पर पंकज कश्यप, साहिल राज, मीना गोस्वामी, पूजा देवी, सरस्वती देवी, विद्या देवी, गीता कश्यप आदि मौजूद रहे। दूसरी ओर दमुआढूंगा में भी नलकूप खराब हो गया है। इससे लोगों को पानी के लिए कई दिनों से परेशान होना पड़ रहा है। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता संजय श्रीवास्तव ने बताया कि जल संस्थान को नए छह स्टेबलाइजर मिले हैं। जज फार्म सहित अन्य नलकूपों में स्टेबलाइजर जोड़े जाएंगे। इसके बाद आपूर्ति सुचारू हो जाएगी।

संबंधित समाचार