हल्द्वानी: पेयजल किल्लत से जूझ रहे लोग, अधिशासी अभियंता के दफ्तर के सामने कपड़े धोकर जताया विरोध
हल्द्वानी, अमृत विचार। लगातार शिकायतों के बाद भी जब जल संस्थान के अधिकारियों ने सुध नहीं ली तो नाराज लोगों ने जल संस्थान के अधिशासी अभियंता कार्यालय के बाहर कपड़े धोकर विरोध जताया। बुधवार को श्री मंदिर कॉलोनी, पॉलीशीट तुलसी नगर के लोगों ने जल संस्थान पहुंचकर ईई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों का …
हल्द्वानी, अमृत विचार। लगातार शिकायतों के बाद भी जब जल संस्थान के अधिकारियों ने सुध नहीं ली तो नाराज लोगों ने जल संस्थान के अधिशासी अभियंता कार्यालय के बाहर कपड़े धोकर विरोध जताया। बुधवार को श्री मंदिर कॉलोनी, पॉलीशीट तुलसी नगर के लोगों ने जल संस्थान पहुंचकर ईई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
लोगों का कहना है कि पिछले पांच दिन से पानी नहीं आ रहा है और जल संस्थान उनकी समस्या की अनदेखी कर रहा है। पूर्व पार्षद मुन्ना पोखरिया के नेतृत्व में कॉलोनी के लोग तिकोनिया स्थित जल संस्थान के कार्यालय पहुंचे। सरकारी अवकाश होने के कारण कार्यालय का मुख्य गेट बंद था। इस पर लोग दूसरे रास्ते से कार्यालय में घुस गए। इस दौरान लोगों ने ईई के प्रति नाराजगी जाहिर करते हुए कार्यालय में ही कपड़े धोकर नारेबाजी की।
पूर्व पार्षद ने बताया कि पिछले पांच दिन से क्षेत्र में पेयजल समस्या बनी हुई है। इससे ढाई हजार की आबादी परेशान है। मंगलवार को ईई ने उन्हें बुधवार को पेयजलापूर्ति सुचारू करने का आश्वासन दिया था। लेकिन बुधवार को भी जल संस्थान की ओर से क्षेत्र की पेयजलापूर्ति सुचारू नहीं की गई। पांच दिन हो गए हैं और क्षेत्र में पानी नहीं आ रहा है। कई बार गुजारिश करने के बाद जल संस्थान की ओर से पांचवें दिन टैंकर भेजा गया। उन्होंने कहा कि अगर जल्द पानी की सप्लाई बहाल नहीं की गई तो लोग आंदोलन को बाध्य हो जाएंगे। इस मौके पर विक्रम अधिकारी, मीना देवी, सविता गुरानी, निर्मल सिंह, नेहा अधिकारी आदि मौजूद रहे।
