बरेली: सड़क पर न दिखें खटारा स्कूली वाहन, नियमित चेकिंग करें
बरेली, अमृत विचार। स्कूली बच्चों को खटारा बसों व टेंपो में लेकर जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। मंडलायुक्त आर रमेश कुमार ने परिवहन और पुलिस अधिकारियों को नियमित स्कूली वाहनों की चेकिंग करने के निर्देश दिए हैं। कहा है कि पुराने और खटारा वाहन किसी कीमत पर सड़क पर संचालित होते नहीं दिखें। इस …
बरेली, अमृत विचार। स्कूली बच्चों को खटारा बसों व टेंपो में लेकर जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। मंडलायुक्त आर रमेश कुमार ने परिवहन और पुलिस अधिकारियों को नियमित स्कूली वाहनों की चेकिंग करने के निर्देश दिए हैं। कहा है कि पुराने और खटारा वाहन किसी कीमत पर सड़क पर संचालित होते नहीं दिखें। इस पर अंकुश लगाएं।
कमिश्नरी सभागार में गुरुवार को आयोजित मंडलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में मंडलायुक्त ने सड़क दुर्घटनाओं में घायल होने वालों को तुरन्त अस्पताल पहुंचाने एवं सहायता करने वाले व्यक्ति को पुरस्कृत एवं सम्मानित करने के भारत सरकार के दिशा-निर्देशों का प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के दृष्टिगत किये जा रहे प्रयासों, दुर्घटनाओं के कारणों, दुर्घटना बाहुल्य स्थलों (ब्लैक स्पॉट), दुर्घटना की स्थिति में घायलों एवं मृतकों के आश्रितों को दी जाने वाली सहायता धनराशि की समीक्षा की। स्कूल बसों की सुरक्षा, स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं, गुड सेमेरिटन योजना के प्रसार-प्रसार तथा ध्वनि प्रदूषण रोके जाने वाली कार्यवाही की भी समीक्षा की। मंडलायुक्त ने सभी जनपदों में ब्लैक स्पॉट्स पर तकनीकी कमियों को दूर करने के निर्देश दिए।
कहा कि ध्वनि प्रदूषण के दृष्टिगत दो पहिया विशेषतः बुलेट मोटरसाइकिल में मॉडिफाई साइलेंसर एवं अन्य वाहनों में हूटर व सायरन के विरुद्ध अधिक से अधिक कार्यवाही कराएं। पुलिस महानिरीक्षक रमित शर्मा ने पुलिस विभाग को दुर्घटनाओं के कारणों को ठीक से पहचान किये जाने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने अपर निदेशक स्वास्थ्य को निर्देश दिए कि एंबुलेंस के अटेंडेंट को इमरजेंसी केयर के प्रशिक्षण की प्रक्रिया में तेजी लाएं। बैठक में अपर आयुक्त प्रशासन अरुण कुमार, संयुक्त निदेशक चिकित्सा एसके गर्ग, संयुक्त शिक्षा निदेशक अजय कुमार द्विवेदी, एडी बेसिक गिरवर सिंह, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज आरबी यादव आदि विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
सबसे अधिक सड़क दुर्घटनाएं ओवरस्पीड के कारण हुईं
बैठक में सम्भागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले दो वर्षों में कोविड के कारण यातायात कम रहा। इस कारण सड़क दुर्घटनाओं में कफी कमी आई है। सबसे अधिक सड़क दुर्घटनाएं ओवरस्पीड के कारण हुई हैं। अन्य कारणों में गलत ड्राइविंग, नशे की हालत में वाहन चलाना और मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने हैं। मंडलायुक्त ने मंडल के जिलाधिकारियों को बैठक कर सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के प्रयासों का निरंतर समीक्षा करने के भी निर्देश जारी करने को कहा।
