हल्द्वानी: बर्फबारी में जनता को नहीं होनी चाहिए कोई परेशानी – गर्ब्याल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नैनीताल, अमृत विचार। जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने शुक्रवार को जिला कार्यालय में सर्दियों में हिमपात, ओलावृष्टि की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। उन्होंने लोनिवि, पेयजल, पुलिस, बिजली, स्वास्थ्य विभाग को जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी गर्ब्याल ने कहा कि वन विभाग आंधी तूफान के मद्देनजर संवेदनशील वृक्षों का चिन्हीकरण कर लॉपिंग व …

नैनीताल, अमृत विचार। जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने शुक्रवार को जिला कार्यालय में सर्दियों में हिमपात, ओलावृष्टि की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। उन्होंने लोनिवि, पेयजल, पुलिस, बिजली, स्वास्थ्य विभाग को जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिये।

जिलाधिकारी गर्ब्याल ने कहा कि वन विभाग आंधी तूफान के मद्देनजर संवेदनशील वृक्षों का चिन्हीकरण कर लॉपिंग व कटान करें। आंधी, तूफान,बर्फबारी से सड़कों पर गिरे वृक्षों को हटाने के लिये इंतजाम भी करें ताकि यातायात बाधित नहीं हो।

उन्होंने आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की धारा 30 (वी) के अंतर्गत जिला प्राधिकरण को प्रदत्त शक्तियों के अंतर्गत लोक निर्माण विभाग, पुलिस, अग्निशमन, बिजली, स्थानीय निकायों, राजस्व विभाग को बर्फबारी, तूफान, ओलावृष्टि के मद्देनजर संवेदनशील वृक्षों का चिन्हीकरण कर निस्तारित करने के निर्देश दिये।

डीएम गर्ब्याल ने राजस्व, नगर निगम और पुलिस को सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था, गरीबों को निशुल्क कंबल वितरण, सड़कों पर सोने वालों को रैन बसेरों में पहुंचाने के इंतजाम करने के लिये कहा।

 बर्फबारी में सुचारू रहे पानी व बिजली की आपूर्ति

जल संस्थान के अधिकारियों ने बताया कि बर्फबारी से पेयजल लाइनों में पानी जम जाने से आपूर्ति प्रभावित होती है। जहां पेयजल लाइन भूमिगत नहीं है, वहां लाइन को गर्म कर आपूर्ति की जा सकती है। इसके अलावा पेयजल आपूर्ति के लिये एचडीपीई पाइप पर्याप्त मात्रा में रखे गये हैं। बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बर्फबारी में बिजली आपूर्ति सुचारू करने के लिये बिजली सब स्टेशनों पर कर्मचारियों की तैनाती की गई है। अलग-अलग क्षमता के ट्रांसफार्मर, खंभे, तार का स्टॉक रिजर्व कर लिया गया है। इस पर डीएम ने कहा कि सभी बिजली केंद्रों एवं सब स्टेशनों पर तैनात इंजीनियर्स के नंबर रविवार तक जिला कार्यालय में मुहैया कराये जाये।

संवेदनशील स्वास्थ्य केंद्रों पर भेजी गयी हैं इमरजेंसी किट्स

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बर्फबारी से संवेदनशील क्षेत्रों में सभी अस्पतालों में इमरजेंसी किट्स मुहैया कराई गई है। इन किट्स में जरूरी जीवन रक्षक दवाइयां, अन्य औषधीय सामग्री रखी गई है। सभी डॉक्टर्स एवं स्टाफ को मुख्यालय पर ही तैनात रहने के निर्देश दिये हैं ताकि इमरजेंसी में स्टाफ को भेजा जा सके।

 पर्याप्त ईंधन, थाना चौकी में दिये जाये वुड, आयरन व कंक्रीट कटर

जिलाधिकारी ने पूर्ति विभाग को ईंधन रिजर्व में रखने के निर्देश दिये। साथ ही पुलिस, अग्निशमन विभाग को पुलिस थानों, चौकियों में वुड कटर, कंक्रीट कटर, आयरन कटर, आस्का लाईट, रिमोट एरिया लाइट व अन्य जरूरी रेस्क्यू उपकरण मुहैया कराने के निर्देश दिये।

ये रहे मौजूद – इस दौरान एसएसपी प्रीती प्रियदर्शनी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. संदीप तिवारी,  अपर जिलाधिकारी अशोक जोशी, संयुक्त मजिस्ट्रेट प्रतीक जैन,  सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह,  उपजिलाधिकारी मनीष सिंह, गौरव चटवाल, रेखा कोहली,  राहुल शाह,  योगेश सिंह,  डीएसओ मनोज बर्मन, आपदा प्रबंधन अधिकारी शैलेष कुमार आदि मौजूद थे।

संबंधित समाचार