हल्द्वानी: अफसरों का बिगड़ा गणित, कार्यकारिणी तय करेगी शुल्क

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। मनमानी की नुमाइश पर शुल्क को लेकर अब अफसरों का गणित बिगड़ गया है। प्रदर्शनी पर कितना शुल्क लगाया जाए, अब कार्यकारिणी के सदस्य इसे तय करेंगे। पिछले 18 दिनों से अनुमति के बगैर बेरोकटोक चल रही नुमाइश पर कार्रवाई को लेकर नगर निगम के अधिकारी लगातार असफल साबित हो रहे हैं। कभी …

हल्द्वानी, अमृत विचार। मनमानी की नुमाइश पर शुल्क को लेकर अब अफसरों का गणित बिगड़ गया है। प्रदर्शनी पर कितना शुल्क लगाया जाए, अब कार्यकारिणी के सदस्य इसे तय करेंगे।

पिछले 18 दिनों से अनुमति के बगैर बेरोकटोक चल रही नुमाइश पर कार्रवाई को लेकर नगर निगम के अधिकारी लगातार असफल साबित हो रहे हैं। कभी संशोधन का पेच फंसाकर तो कभी जनप्रतिनिधियों से सांठ-गांठ कर नगर निगम को मोटे राजस्व की चोट देने की कोशिश की जा रही है। अधिकारी भी उनकी इस कोशिश पर रोक नहीं लगा पा रहे हैं। शहर में नुमाइश लगाने के लिए आयोजक को नगर निगम को शुल्क जमा करना था।

एमबी इंटर कॉलेज के मैदान में चल रही नुमाइश 24 नवंबर से शुरू हुई थी। इसके बाद से अब तक न ही निगम से अनुमति ली गई और न ही शुल्क जमा किया गया है। नगर निगम ने औपचारिकता करते हुए 12 लाख रुपये शुल्क जमा करने के लिए नोटिस जारी तो किया लेकिन इसके बावजूद राजस्व प्राप्त नहीं कर सके।

आयोजक ने अत्यधिक व अनावश्यक शुल्क का हवाला देते हुए संशोधन को पुन: अपील की तो अधिकारियों का गणित बिगड़ गया। अब अधिकारी यह तय ही नहीं कर पा रहे कि प्रदर्शनी पर कितना शुल्क तय किया जाए। अधिकारी अब यह दुविधा कार्यकारिणी में रखने जा रहे हैं।

नगर निगम में प्रदर्शनी शुल्क को लेकर पहली बार व्यवस्था शुरू हुई है। शुरू में प्रदर्शनी क्षेत्र को देखते हुए 12 लाख रुपये शुल्क तय किया गया था। आयोजक की आपत्ति आने पर अब संशोधन के लिए कार्यकारिणी में इस प्रस्ताव को रखा जाएगा। उसके बाद जो शुल्क तय होगा, आयोजक को जमा करने को कहा जाएगा।

– पंकज उपाध्याय, नगर आयुक्त

 

संबंधित समाचार