हल्द्वानी: लोक गायिका माया उपाध्याय ने सुरों से दी सीडीएस बिपिन रावत को श्रद्धांजलि, गीत सुनकर भावुक हो गया हर कोई
हल्द्वानी, अमृत विचार। देश के पहले सीडीएस जनरल बिपिन रावत, उनकी धर्मपत्नी मधुलिका रावत और 11 सैन्य अधिकारी तमिलनाडु के कून्नूर में हुई हेलीकाप्टर दुर्घटना में शहीद हो गए थे। उत्तराखंड के लाल जनरल बिपिन रावत की शहादत से पूरा देश गमगीन है। हर कोई अपने तरीके से शहीदों को श्रद्धांजलि दे रहा है। इस …
हल्द्वानी, अमृत विचार। देश के पहले सीडीएस जनरल बिपिन रावत, उनकी धर्मपत्नी मधुलिका रावत और 11 सैन्य अधिकारी तमिलनाडु के कून्नूर में हुई हेलीकाप्टर दुर्घटना में शहीद हो गए थे। उत्तराखंड के लाल जनरल बिपिन रावत की शहादत से पूरा देश गमगीन है। हर कोई अपने तरीके से शहीदों को श्रद्धांजलि दे रहा है।
इस बीच जानी-मानी लोक गायिका माया उपाध्याय ने अपनी आवाज में जनरल बिपिन रावत को मार्मिक श्रद्धांजलि दी है। गीत की शुरुआत में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी जनरल बिपिन रावत को श्रद्धांजलि दी है। माया उपाध्याय ने सीडीएस जनरल बिपिन रावत को हिमालय रूपी मस्तक का मान-सम्मान व गौरव का शिखर बताया है। उत्तराखंड की जानी मानी लोकगायिका माया उपाध्याय की आवाज में जनरल बिपिन रावत को श्रद्धांजलि देता यह गीत काफी वायरल हो रहा है।

अमृत विचार डिजिटल टीम को भेजे विशेष वीडियो संदेश में लोक गायिका माया उपाध्याय ने कहा कि हैलीकॉप्टर हादसे में जनरल बिपिन रावत समेत 13 वीरों की शहादत से पूरा देश गमगीन है। जनरल बिपिन रावत का जाना पूरे भारतवर्ष के लिए बहुत बड़ा झटका है। ये वक्त बहुत कठिन है। उन्होंने कहा कि जनरल रावत का उत्तराखंड की धरती के लाल थे, उनका देवभूमि से विशेष लगाव था, इसलिए लोकगायिका होने के नाते गीत के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि दी है। जनरल रावत हमेशा हमारे दिलों में बसे रहेंगे।
कुछ इस तरह हैं गीत के बोल
है हिमालय जो मस्तक हमारा अगर, मान-सम्मान, गौरव के तुम हो शिखर। धन्य पौड़ी की माटी, धन्य उत्तराखंड, जहां जन्मे बिपिन रावत वीर प्रचंड। आज है देश की सारी आंखें यूं नम, सात सागर के आंसू भी पड़ जाएं कम। याद आओगे दिन-बार हर पल छिन, देश के वीर उत्तराखंड के बिपिन। देश के वीर उत्तराखंड के बिपिन…
