हल्द्वानी: लीला की दराती के वार से डरकर भाग गया तेंदुआ
हल्द्वानी, अंमृत विचार। दमुवाढूंगा से सटे जंगलों में घास काटने गई महिला पर तेंदुआ ने हमला कर दिया। महिला ने तेंदुए के सामने घुटने टेकने के बजाय दराती से तेंदुए पर हमला कर दिया। महिला के हौसले के आगे तेंदुआ जंगल की तरफ भाग गया। बाद में महिला घायल हालत में घर पहुंची जहां से …
हल्द्वानी, अंमृत विचार। दमुवाढूंगा से सटे जंगलों में घास काटने गई महिला पर तेंदुआ ने हमला कर दिया। महिला ने तेंदुए के सामने घुटने टेकने के बजाय दराती से तेंदुए पर हमला कर दिया। महिला के हौसले के आगे तेंदुआ जंगल की तरफ भाग गया। बाद में महिला घायल हालत में घर पहुंची जहां से परिजनों ने उसे सरकारी अस्पताल पहुंचाया।
शिवपुरी दमुवाढूंगा जवाहर ज्योति निवासी लीला लटवाल (45) पत्नी घनश्याम लटवाल रविवार सुबह घास काटने पास के जंगल में गई थी। करीब 11 बजे उनके पीछे से तेंदुए ने हमला कर दिया और सिर पकड़ कर घसीट कर जंगल के अंदर ले जाने लगा। तेंदुए के हमले के बाद भी महिला ने हिम्मत नहीं हारी। लीला ने दराती से तेंदुए के सिर पर कई वार किए। लीला के हमले से तेंदुआ घबरा गया और उसे छोड़कर दूर खड़ा हो गया।
लीला जमीन से उठ खड़ी हुईं और पास में घास काट रहीं साथ में आईं महिलायें मंजू और राधा को आवाज लगाई। लीला ने बताया कि उसने तेंदुए से आंखों से आखें मिला कर लगातार उस पर पत्थरों से भी वार किया। लीला की हिम्मत देख तेंदुआ वहां से भाग गया। कुछ देर में राधा व मंजू मौके पर पहुंचीं और किसी तरह से लीला को सड़क तक लेकर आईं। वहां एक आटो चालक घायल महिला को उपचार के लिए बेस अस्पताल ले आया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने लीला के सिर पर 30 और पीठ व कंधों पर करीब 10 टांके लगाए। लीला के बेटे अक्षय लटवाल ने बताया कि मां की हालत ठीक है। फतेहपुर रेंज के रेंजर केआर आर्या ने बताया कि लीला लटवाल की हालत ठीक है, वन विभाग की तरफ से मदद उपलब्ध कराई जायेगी।
