हल्द्वानी: डंपर स्वामी और स्टोन क्रशर्स संचालकों की हड़ताल जारी
हल्द्वानी, अमृत विचार। गौला नदी खनन से जुड़े डंपर स्वामियों व स्टोन क्रशर्स संचालकों की हड़ताल जारी है। डंपर स्वामी जहां भाड़ा बढ़ाने तो स्टोन क्रशर्स संचालक रॉयल्टी समान किये जाने की मांग को लेकर अड़े हुये हैं। गौला नदी में 7,450 डंपरो, ट्रैक्टर ट्रालियों से उपखनिज निकासी की जाती है। इस बार डंपर स्वामियों …
हल्द्वानी, अमृत विचार। गौला नदी खनन से जुड़े डंपर स्वामियों व स्टोन क्रशर्स संचालकों की हड़ताल जारी है। डंपर स्वामी जहां भाड़ा बढ़ाने तो स्टोन क्रशर्स संचालक रॉयल्टी समान किये जाने की मांग को लेकर अड़े हुये हैं।
गौला नदी में 7,450 डंपरो, ट्रैक्टर ट्रालियों से उपखनिज निकासी की जाती है। इस बार डंपर स्वामियों ने भाड़ा बढ़ाने की मांग को लेकर बीते गुरुवार को हड़ताल की जो अब तक जारी है। उनका कहना है कि पिछले खनन सत्र में 25 रुपये भाड़ा दिया था इसको बढ़ाया जाये जबकि स्टोन क्रशर्स इस भाड़े को कम कर रहे हैं।
वहीं स्टोन क्रशर्स संचालकों का कहना है कि नदी से निकलने वाले उपखनिज की रॉयल्टी शुल्क 31 रुपये प्रति कुंतल और पट्टों से निकलने वाले रॉयल्टी शुल्क महज 8-12 रुपये प्रति कुंतल देना होता है। ऐसे में नदी से उपखनिज क्रय करने में क्रशर्स संचालकों को नुकसान है। उन्होंने राज्य सरकार से रॉयल्टी शुल्क एक समान किये जाने की मांग की है और वह इस मांग को लेकर हड़ताल पर हैं। फिलहाल डंपर स्वामी और क्रशर्स संचालकों की हड़ताल से गौला नदी में खनन पूरी तरह ठप है।
पांच-छह करोड़ का टर्नओवर ठप
हल्द्वानी व लालकुआं में 18 स्टोन क्रशर्स हैं जो गौला नदी के उपखनिज पर निर्भर हैं। आमतौर इन दिनों एक क्रशर से औसतन 10-12 लाख रुपये की बिक्री होती है। इस तरह एक दिन में करीब दो करोड़ का टर्नओवर ठप है। तीन दिन की हड़ताल से अब तक करीब छह करोड़ का टर्न ओवर ठप है।
जब तक क्रशर्स संचालक भाड़ा नहीं बढ़ाते हैं तब तक हमारी हड़ताल जारी रहेगी। महंगाई से डीजल, स्पेयर पार्टस, मजदूरी बढ़ी है तो भाड़ा घटाने का कोई औचित्य नहीं है। जब तक भाड़ा नहीं बढ़ाया जाता है तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
-पम्मी सैफी, अध्यक्ष गौला खनन संघर्ष समिति
स्टोन क्रशर्स संचालक रॉयल्टी शुल्क एक किये जाने की मांग को लेकर हड़ताल कर रहे हैं। जब तक राज्य सरकार इस पर फैसला नहीं लेती है तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
राजेश अग्रवाल, अध्यक्ष कुमाऊं स्टोन क्रशर्स एसोसिएशन, हल्द्वानी
उप्र से लौटकर मुख्यमंत्री करेंगे समस्या का समाधान
अब रॉयल्टी और भाड़ा बढ़ाने संबंधी समस्या का समाधान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उप्र से लौटकर करेंगे। वह दो दिनों के लिये लखनऊ गये हुये हैं। वहां से लौटने के बाद वह रॉयल्टी शुल्क समान किये जाने को लेकर कोई फैसला ले सकते हैं। इसके बाद ही समस्या का समाधान होगा। तब जाकर गौला नदी में खनन शुरू होने की संभावना है।
