हल्द्वानी: नगर निगम ने 73 फीसदी घटाया प्रदर्शनी शुल्क, फिर भेजा नोटिस
हल्द्वानी, अमृत विचार। नगर निगम ने प्रदर्शनी शुल्क में 73 फीसदी तक की कमी कर आयोजक को एक बार फिर से नोटिस जारी किया है। नोटिस में आयोजक को शुल्क के रूप में 3.29 लाख रुपये तीन दिन में जमा करने को कहा है। शुल्क जमा नहीं करने पर प्रदर्शनी बंद करने की चेतावनी दी …
हल्द्वानी, अमृत विचार। नगर निगम ने प्रदर्शनी शुल्क में 73 फीसदी तक की कमी कर आयोजक को एक बार फिर से नोटिस जारी किया है। नोटिस में आयोजक को शुल्क के रूप में 3.29 लाख रुपये तीन दिन में जमा करने को कहा है। शुल्क जमा नहीं करने पर प्रदर्शनी बंद करने की चेतावनी दी गई है।
एमबी इंटर कालेज के मैदान में पिछले 22 दिन से चल रही मनमानी की नुमाइश से नगर निगम अब तक शुल्क नहीं वसूल सका है। बगैर अनुमति के आयोजक ने 24 नवंबर को नुमाइश का आयोजन शुरू कर दिया था। यहां तक कि मेयर डॉ. जोगेंद्र रौतेला ने नियम विरुद्ध शुरू हुई नुमाइश का फीता भी काट दिया।
मामले ने तूल पकड़ा तो आयोजक ने निगम को आवेदन किया। निगम ने शुरू में 12 लाख रुपये का शुल्क भुगतान करने के लिए आयोजक को नोटिस जारी कर दिया। कई दिन बीतने के बाद भी जब शुल्क जमा नहीं हुआ तो अधिकारियों ने दोबारा शुल्क जमा करने को कहा। इस पर निर्धारित किए गए शुल्क पर आपत्ति लगाते हुए आयोजक ने संशोधन की अपील की।
निगम ने शुल्क पर संशोधन करते हुए 8.71 लाख रुपये घटाते हुए दोबारा नोटिस जारी किया है। कर अधीक्षक महेश पाठक ने बताया कि छह हजार वर्ग मीटर में यह नुमाइश लगी है, जिसका मूल्यांकन करते हुए 3.29 लाख रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। तीन दिन में आयोजक को यह शुल्क निगम में जमा कराना होगा।
तो क्या पहले हुई थी भूल या अब खेल?
– नगर निगम द्वारा करीब पौने आठ लाख रुपये घटाकर दोबारा से शुल्क निर्धारित करने के इस मामले ने लोगों को चौंका दिया है। एक साथ इतनी राशि कम हो जाना, निगम के अधिकारियों पर भी सवाल उठाता है। चर्चा है कि निगम ने या तो पहले बड़ी भूल करते हुए शुल्क निर्धारित कर दिया या फिर संशोधन में कोई खेल हुआ है।
–पहली बार निगम की ओर से प्रदर्शनी शुल्क लिया जा रहा है, इस वजह से पूर्व में निर्धारित किए गए शुल्क पर आपत्ति को स्वीकार कर लिया गया था। पुन: मूल्यांकन कर संशोधन किया गया है। आयोजक को निर्धारित शुल्क समय पर जमा करना होगा। ऐसा नहीं करने पर सख्त कार्रवाई होगी।
-पंकज उपाध्याय, नगर आयुक्त
