हल्द्वानी: अगर नशे के खिलाफ शिकायत मिली तो थानेदार की होगी जवाबदेही
हल्द्वानी, अमृत विचार। नवनियुक्त एसएसपी पंकज भट्ट ने चार्ज लेने के साथ ही साफ कर दिया है कि पुलिसिंग में कोताही बर्दाश्त नहीं होगी। शनिवार को उन्होंने जिले के अधिकारियों के साथ परिचय बैठक की और कड़ा संदेश दिया। एसएसपी ने कहा कि नशे के खिलाफ लोगों को जागरुक किया जाए और अगर इसके बाद …
हल्द्वानी, अमृत विचार। नवनियुक्त एसएसपी पंकज भट्ट ने चार्ज लेने के साथ ही साफ कर दिया है कि पुलिसिंग में कोताही बर्दाश्त नहीं होगी। शनिवार को उन्होंने जिले के अधिकारियों के साथ परिचय बैठक की और कड़ा संदेश दिया।
एसएसपी ने कहा कि नशे के खिलाफ लोगों को जागरुक किया जाए और अगर इसके बाद भी किसी थाना क्षेत्र से नशे की शिकायतें मिलती हैं तो संबंधित थानाध्यक्ष की जवाबदेही तय की जाएगी। अपराध पर नकेल कसने के लिए उन्होंने जिले में आने और जाने वाले हर वाहन का नंबर रजिस्टर में नोट करने के निर्देश दिए।
उन्होंने हर छोटी-बड़ी संवेदनशील घटनाओं से अवगत कराने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि रिपोर्ट दर्ज करने में कोताही न बरतें। हल्द्वानी और रामनगर को जाम से निजात के लिए अधिकारियों को रोडमैप प्रस्तुत करने को कहा। क्रिसमस एवं थर्टी फर्स्ट के कार्यक्रम के लिए विशेष प्लान बनाने को कहा।
थानाध्यक्षों से कहा कि वह हर माह अधीनस्थ पुलिसकर्मियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनेंगे और उच्चाधिकारियों से निराकरण कराएंगे। इस दौरान सर्वेश पंवार एएसपी नैनीताल, एसपी सिटी डॉ. जगदीश चंद्र, सीओ नैनीताल संदीप नेगी, सीओ हल्द्वानी भूपेंद्र सिंह धौनी, सीओ रामनगर बलजीत सिंह भाकुनी, सीओ भवाली प्रमोद कुमार साह, सीओ ट्रैफिक एवं साइबर शांतनु पाराशर आदि मौजूद रहे।
