सर्दी का सितम जारी: हल्द्वानी में गिरा पारा, पहाड़ों में हुई बर्फबारी ने हवाओं को किया और सर्द

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। उत्तराखंड में पड़ रही सर्दी का सितम जारी है। पहाड़ों में हुई बर्फबारी के बाद सर्दी और भी बढ़ गई है। पहाड़ से मैदान की ओर बर्फीली हवाएं चल रहीं हैं। मौसम विभाग का कहना है कि भीषण सर्दी का असर जारी रहेगा। हल्द्वानी में रविवार सुबह हल्का कोहरा छाया रहा। साथ …

हल्द्वानी, अमृत विचार। उत्तराखंड में पड़ रही सर्दी का सितम जारी है। पहाड़ों में हुई बर्फबारी के बाद सर्दी और भी बढ़ गई है। पहाड़ से मैदान की ओर बर्फीली हवाएं चल रहीं हैं। मौसम विभाग का कहना है कि भीषण सर्दी का असर जारी रहेगा। हल्द्वानी में रविवार सुबह हल्का कोहरा छाया रहा। साथ ही सर्द हवाओं का दौर भी जारी रहा। पहाड़ों में हुई बर्फबारी के बाद हवाओं में ठंडक और भी बढ़ गई है। धूप निकलने के बावजूद ठिठुरन बरकरार थी। ज्यादातर लोग धूप सेंकने के बजाए घरों में ही दुबके रहे।

इधर मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की ओर से बताया गया कि उत्तराखंड में कहीं-कहीं शीतलहर का असर रहेगा। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिले में शीत दिवस रहेगा। मैदानी इलाकों में कोहरा छाएगा और पहाड़ों में पाला गिरेगा। वहीं, रविवार को तापमान में और भी ज्यादा गिरावट आई। हल्द्वानी में अधिकतम तापमान 14.2 डिग्री तो न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री, नैनीताल में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री और मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 10.8 डिग्री तो न्यूनतम तापमान माइनस 0.2 डिग्री दर्ज किया गया है। अनुमान है कि आने वाले दिनों में तापमान में और भी ज्यादा गिरावट आ सकती है।

मौसम पर पड़ रहा है ला-लीना का असर
जीबी पंत कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा. आरके सिंह ने बताया कि इस साल ला-नीना असर से दो सप्ताह पहले ही कड़ाके की ठंड शुरू हो गई है। कहा कि मौसम विभाग ने पहले ही अनुमान जताया था कि इस साल कड़ाके की ठंड पड़ेगी। कहा कि उच्च हिमालयी क्षेत्र और राजस्थान से चल रही उत्तर-पश्चिम हवाओं से बर्फीली ठंड पड़ रही है। कहा कि 25 दिसंबर तक मौसम शुष्क बना रहेगा। एक सप्ताह के भीतर तापमान में तीन से पांच डिग्री तक की कमी आने के आसार हैं।

नए साल पर हो सकती है बर्फबारी
मौसम विभाग के अनुसार नए साल के दौरान मुक्तेश्वर, नैनीताल, रामगढ़, ओखलकांडा जैसे कम ऊंचाई वाले पर्वतीय स्थानों पर बर्फबारी हो सकती है। अनुमान के तहत 30 दिसंबर के आसपास निचले इलाकों में बारिश और बर्फबारी होने के आसार बने हुए हैं।

संबंधित समाचार