सीतापुर: पुलिस ने पकड़ा अवैध असलहों का जखीरा, दो शातिर गिरफ्तार
सीतापुर। एसपी आरपी सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली देहात पुलिस ने बड़ी सफलता पाई है। पुलिस ने दो शातिरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे अवैध असलहों का जखीरा बरामद किया है। अभियुक्तों के पास से असलहे बनाने की फैक्ट्री भी पकड़ी गई है। दोनों अभियुक्त शातिर बदमाश बताए जा …
सीतापुर। एसपी आरपी सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली देहात पुलिस ने बड़ी सफलता पाई है। पुलिस ने दो शातिरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे अवैध असलहों का जखीरा बरामद किया है। अभियुक्तों के पास से असलहे बनाने की फैक्ट्री भी पकड़ी गई है। दोनों अभियुक्त शातिर बदमाश बताए जा रहे हैं। उन्हें जेल रवाना किया गया है। पुलिस का दावा है कि पकड़े गए दोनों अभियुक्त शातिर अपराधी हैं। यह असलहों का निर्माण उनकी सप्लाई करते थे। जिससे उन असलहों के जरिए जिले में आपराधिक घटनाएं अंजाम दी जाती थीं।
अपर पुलिस अधीक्षक डाक्टर राजीव दीक्षित ने बताया कि सीओ सिटी पीयूष कुमार सिंह के नेतृत्व में कोतवाली देहात पुलिस ने चेकिंग के दौरान रामपुर मथुरा इलाके के सरैंया मसूदपुर गांव निवासी राम खेलावन विश्वकर्मा व इसी क्षेत्र के भवानीपुर गांव निवासी भगवती रैदास काे गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से पुलिस टीम ने एक अदद तमंचा 12 बोर, तीन तमंचा 315 बोर, पांच तमंचा अर्द्धनिर्मित, दो कारतूस एक जिन्दा कारतूस 12 बोर, एक खोखा कारतूस 315 बोर, अवैध शस्त्र बनाने की फैक्ट्री व मरम्मत करने का सामान बरामद हुआ है। पुलिस के मुताबिक इन लोगों के कोतवाली क्षेत्र के ही भगौतीपुर गांव के करीब स्थित सरकारी नलकूप के पास से गिरफ्तार किया है।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार किए गए दोनों अभियुक्त शातिर अपराधी हैं। अभियुक्त राम खेलावन पूर्व में भी अवैध शस्त्र निर्माण व असलहों की तस्करी, हत्या के प्रयास सहित कई संगीन मामलों का आरोपी रहा है। अभियुक्त भगवती के खिलाफ पहले से ही थाना रामपुर मथुरा में मुकदमा दर्ज है। पुलिस का दावा है कि दोनों अभियुक्त अवैध असलहों का निर्माण कर उनकी तस्करी करते थे। पकड़े गए अभियुक्तो की अपराध से अर्जित की गई संपत्ति का पता लगाकर उसको जब्त किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि अवैध शस्त्र फैक्ट्री की बरामदगी से जनपद में अवैध असलहे के प्रयोग में प्रभावी नियंत्रण हो सकेगा।
असलहा फैक्ट्री पकड़ने वालों में ये थे शामिल
एएसपी ने बताया कि असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर दो शातिरों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में एसएसआई फूलचंद, एसआई दिलीप कुमार सिंह, एसआई निर्मल तिवारी, एसआई विकास यादव, हेड कांस्टेबिल कौशलेंद्र प्रताप सिंह व रामदयाल, आरक्षी विकास कुमार व सोहन सिंह शामिल थे।
यह भी पढ़ें:-सीतापुर: सेप्टिक टैंक में मिला अज्ञात युवक का नग्न शव, हत्या की आशंका, जांच शुरू
