काशीपुर: लापता युवक का फांसी पर लटका शव मिला, सनसनी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

काशीपुर,अमृत विचार। आईटीआई थाने के पैगा चौकी क्षेत्र के ग्राम गुलडि़या स्थित एक खेत में बने अस्थायी कोठरीनुमा कमरे में एक युवक का शव फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। युवक लगभग एक माह से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो …

काशीपुर,अमृत विचार। आईटीआई थाने के पैगा चौकी क्षेत्र के ग्राम गुलडि़या स्थित एक खेत में बने अस्थायी कोठरीनुमा कमरे में एक युवक का शव फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। युवक लगभग एक माह से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था।

रामनगर रोड स्थित गड्ढा कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय फिरोज आलम पुत्र खलील अहमद महुआखेड़ागंज स्थित एक फैक्ट्री में नौकरी करता था। 22 नवंबर को फिरोज आलम संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। इस दौरान उसकी कई स्थानों पर तलाश करने के बाद परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

पुलिस ने इस मामले में गुमशुदगी दर्ज कर लापता युवक की खोजबीन शुरू की लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चल सका। सोमवार को लापता फिरोज आलम का शव आईटीआई थाना क्षेत्र के ग्राम गुलड़िया स्थित खेत में बने एक कोठरीनुमा कमरे में मफलर के सहारे फंदे पर झूलता मिला। घटना की सूचना जैसे ही परिजनों को मिली तो उनमें कोहराम मच गया। पैगा चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक पांच भाई बहनों में सबसे छोटा था। सभी भाई-बहनों की शादी हो चुकी है।

पुलिस के सामने खड़े हैं कई सवाल
काशीपुर। लगभग एक माह भर पूर्व घर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुआ फिरोज आलम इतने दिनों तक कहां था और गुलडि़या स्थित खेत में बने कोठरीनुमा कमरे में कैसे पहुंच गया। इस सवाल का जबाव पुलिस को ढूंढना है। साथ ही बताया जाता है कि मृतक की बाइक भी गायब है। मृतक फिरोज की मौत को लेकर तमाम तरह के कयास लगाये जा रहे हैं।

किच्छा रोड पर नाले में मिला एक युवक का शव
अमृत विचार, रुद्रपुर। शुक्ला फार्म के पास नाले में युवक का शव मिलने से खलबली मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जानकारी ली और मृतक की शिनाख्त का प्रयास किया। शिनाख्त न होने पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
सोमवार सुबह किच्छा रोड स्थित शुक्ला फार्म के पास एक नाले में एक 32 साल के युवक का शव पड़ा मिला। यह देख वहां से गुजर रहे लोगों का जमावड़ा लग गया। इस पर किसी ने सूचना पुलिस को दी। सूचना पर एसएसआई सतीश चंद्र कापड़ी पुलिस कर्मियों के साथ पहुंचे और जानकारी ली। साथ ही आसपास मौजूद लोगों से मृतक की शिनाख्त का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसएसआई सतीश चंद्र कापड़ी ने बताया कि प्रथम दृष्टया लग रहा है कि नाले में गिरने से उसकी मौत हुई है। मृतक के शरीर में किसी भी प्रकार के चोट के निशान नहीं है। उसकी शिनाख्त के लिए ट्रांजिट कैंप, किच्छा, गदरपुर और पंतनगर थाना पुलिस से संपर्क कर लापता लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि होगी।

संबंधित समाचार