अयोध्या में न्यूनतम पारा 3.5 तक पहुंचा, ठिठुर रहे हैं लोग..निगम ने कंबल भी नहीं बांटे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। जनपद में ठंड भढ़ता ही जा रहा है और आलम यह है कि पारा भी ठंड से गिरता जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद अयोध्या नगर निगम ने अलाव की अभी तक व्यवस्था नहीं की। इस वजह से राहगीर ठिठुरने को मजबूर हो गए हैं। पिछले तीन दिनों से कड़ाके की ठंड पड़ रही …

अयोध्या। जनपद में ठंड भढ़ता ही जा रहा है और आलम यह है कि पारा भी ठंड से गिरता जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद अयोध्या नगर निगम ने अलाव की अभी तक व्यवस्था नहीं की। इस वजह से राहगीर ठिठुरने को मजबूर हो गए हैं। पिछले तीन दिनों से कड़ाके की ठंड पड़ रही है, ऊपर से शीतलहर के कारण लोगों की कंपकंपी छूट जा रही है। लेकिन इसका एहसास नगर निगम को नहीं हुआ है।

अभी कुछ दिन पहले मंडलायुक्त एमपी अग्रवाल ने जिलाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा था कि मंडल में किसी भी व्यक्ति की ठंड से मौत नहीं होनी चाहिए। बावजूद इसके अभी तक कहीं भी अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है। इस बारे में जब निगम अधिकारियों से जानना चाहा तो कोई बताने को राजी ही नहीं हुआ। नगर आयुक्त विशाल सिंह को फोन किया गया तो उन्होंने कहा कि इसकी जानकारी अपर नगर आयुक्त शशि भूषण राय से ले लीजिए। शशि भूषण को फोन लगाया तो उन्होंने उठाया ही नहीं। इसके बाद निगम में बैठे अपर नगर आयुक्त सच्चिदानंद सिंह से बात की तो वह भी अलाव के बारे में कोई भी जानकारी नहीं दे सके। उन्होंने कहा कि इसकी जानकारी इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट से ही मिल पाएगी।

हालांकि इंजीनियर साहब मौके पर नहीं थे और न ही उन्होंने फोन उठाया। हालांकि एक बातचीत के दौरान अपर नगर आयुक्त सच्चिदानंद सिंह ने बताया कि इस बार महिला व पुरुषों के लिए अलग-अलग रैन बसेरों की व्यवस्था की गई है। बस अड्डे व अयोध्या कैंट जंक्शन व अयोध्या धाम के पास बने रैन बसेरों में महिला व पुरुषों के लिए अलग-अलग व्यवस्था है। बेड पर रजाई, गद्दे व तकिये लगे हुए हैं। साथ ही अलाव जलाने के लिए लकड़ी का भी इंतजाम है। रैन बसेरों में पानी के पर्याप्त इंतजाम हैं। शौचालय की व्यवस्था है। हैंडवॉश, सेनिटाइजर व मास्क भी रखा गया है। इन सबकी निगरानी के लिए एक गार्ड नियुक्त किया गया है। शहर में अलाव का इंतजाम भी जल्द ही किया जाएगा।

300 जगहों पर जलेंगे अलाव व बंटने हैं 6 हजार कंबल…

निगम में ही बड़े पद पर आसीन एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि नए विस्तारित क्षेत्रों को शामिल करते हुए इस बार निगम क्षेत्र में कम से कम 300 जगहों पर अलाव की व्यवस्था की जानी है। ऑनलाइन टेंडर एक दो दिन में जारी हो जाएगा। 27 व 31 दिसंबर के बीच कंबल बांटने का भी काम शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए छह हजार कंबल का ऑर्डर खादी विभाग को दिया गया है।

मंडलायुक्त ने जिलाधिकारियों को अलाव व कंबल के लिए फिर से चेताया..

मंडलायुक्त एमपी अग्रवाल ने जिलाधिकारियों को एक बात फिर चेताते हुए कहा है कि रैन बसेरों की स्थापना, कंबल, अलाव व अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली जाएं। सभी डीएम रैन बसेरों का मुआयना कर वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करा लें। उन्होंने बताया कि मंगलवार जनपद का न्यूनतम पारा 3.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था। जिसके चलते आगामी दिनों में ठंड में बढ़ोतरी होने के आसार हैं। इस वजह से वातावरण में गलन व ठिठुरन बढ़ गई। उन्होंने ग्राम पंचायतों, नगर पंचायतों, नगर निकाय, नगर निगम, नगर पालिका परिषद, आदि अधिकारियों को गरीबों को कंबल वितरण व सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था तत्काल किये जाने के निर्देश दिये। साथ ही ठंड से किसी भी गोवंश की मृत्यु न होने देने का भी निर्देश दिया है।

26 व 27 को बूंदाबांदी के आसार…

नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के पर्यवेक्षक शंख माधव त्रिपाठी ने बताया कि मंगलवार को जनपद का न्यूनतम पारा 3.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था। आने वाले दिनों ठंड और बढ़ेगी। 26 व 27 दिसंबर को बादल छाए रहने व बूंदाबांदी के आसार हैं। ठंडी-ठंडी हवाएं 2.8 किमी प्रतिघंटे से चल रही हैं, जबकि 2 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार औसत मानी जाती है। बुधवार को न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस था।

संबंधित समाचार