बरेली: ठंड में स्वेटर न बंटने पर छात्रों का चढ़ा पारा
बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज का माहौल ठंड में भी रोजाना गर्म हो रहा है। एक दिन पहले जहां कर्मचारियों ने प्राचार्य के नोटिस भेजने पर हंगामा किया था तो गुरुवार को छात्रों ने स्वेटर न बंटने पर हंगामा किया। सछास के कार्यकर्ताओं ने प्राचार्य डा. अनुराग मोहन को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द स्वेटर …
बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज का माहौल ठंड में भी रोजाना गर्म हो रहा है। एक दिन पहले जहां कर्मचारियों ने प्राचार्य के नोटिस भेजने पर हंगामा किया था तो गुरुवार को छात्रों ने स्वेटर न बंटने पर हंगामा किया। सछास के कार्यकर्ताओं ने प्राचार्य डा. अनुराग मोहन को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द स्वेटर बांटने व अलाव के इंतजाम कराने की मांग की।
सछास का कहना है कि कॉलेज द्वारा सर्द-गर्म के नाम पर प्रत्येक छात्र से 175 रुपये और निर्धन छात्र कल्याण कोष में प्रत्येक छात्र से 12 रुपये जमा कराये जाते हैं। प्राचार्य के आश्वासन के बाद छात्र शांत हुए। समाजवादी छात्रसभा प्रदेश सचिव फैज मोहम्मद, जिलाध्यक्ष मुकेश यादव व इमरान खान के नेतृत्व में ज्ञापन देकर मांग की कॉलेज में स्वेटर व अलाव के अलावा खेलकूद प्रतियोगिता का भी आयोजन कराया जाए।
खेलकूद के नाम पर प्रत्येक छात्र से 100 रुपये का शुल्क लिया जाता है। महाविद्यालय के शैक्षिक सत्र 2019-2020 का प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जाए। सुजात शैख़, रजनीश सिंह, अरुण कुमार, अनुराग सिंह, मो. फरहान मलिक , सुमित यादव, विक्रांत रोशन और ताबिश आदि मौजूद रहे।
