नैनीताल घूमने आए गढ़वाल के पर्यटक की संदिग्ध हालात में मौत
नैनीताल, अमृत विचार। श्रीनगर गढ़वाल से अपने मित्रों के साथ सरोवर नगरी घूमने पहुंचे एक पर्यटक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही युवक के परिजनों को भी इसकी सूचना दे दी है। बीते बुधवार को श्रीनगर गढ़वाल निवासी अनुराग पुत्र …
नैनीताल, अमृत विचार। श्रीनगर गढ़वाल से अपने मित्रों के साथ सरोवर नगरी घूमने पहुंचे एक पर्यटक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही युवक के परिजनों को भी इसकी सूचना दे दी है।
बीते बुधवार को श्रीनगर गढ़वाल निवासी अनुराग पुत्र दिगंबर अपने तीन मित्रों के साथ नैनीताल घूमने आया था। यहां पर वह तल्लीताल स्थित होटल में ठहरा हुआ था। दिनभर अपने दोस्तों के साथ घूमने के बाद देर शाम अनुराग ने दोस्तों के साथ शराब पी। इसके बाद सभी दोस्त सोने के लिए चले गए। देर रात एकाएक अनुराग की तबीयत बिगड़ गई। आनन फानन में होटल कर्मी उसे बीडी पांडे अस्पताल इलाज के लिए लेकर आए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
तल्लीताल एसओ रोहिताश सिंह सागर ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। चिकित्सकों के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला हार्ट अटैक का प्रतीत हो रहा है।
