मुरादाबाद : 8.40 लाख लेकर भी नहीं कराया बैनामा, दी धमकी
मुरादाबाद, अमृत विचार। एक पक्ष ने प्लाट बेचने के नाम पर आठ लाख 40 हजार रुपये भी ले लिए और अब बैनामा भी नहीं कराया जा रहा। रुपये वापस मांगने पर आरोपी उसे एससी/एसटी एक्ट के मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। पीड़ित ने न्याय के लिए एसएसपी से गुहार लगाई है। कुंदरकी …
मुरादाबाद, अमृत विचार। एक पक्ष ने प्लाट बेचने के नाम पर आठ लाख 40 हजार रुपये भी ले लिए और अब बैनामा भी नहीं कराया जा रहा। रुपये वापस मांगने पर आरोपी उसे एससी/एसटी एक्ट के मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। पीड़ित ने न्याय के लिए एसएसपी से गुहार लगाई है।
कुंदरकी के मोहल्ला सादात पश्चिमी निवासी हरपाल सिंह ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसने करीब 10 माह पूर्व थानाक्षेत्र के गांव इमरतपुर फकरुद्दीन निवासी अनुसूचित जाति के दो लोगों से बेला की मिलक थाना असमोली जनपद संभल में एक प्लाट का सौदा किया था। इसके लिए उन्होंने छह लाख रुपये बैंक खाते से और दो लाख 40 हजार रुपये नकद दिए थे। आरोपियों ने जमानत के तौर पर पंजाब नेशनल बैंक कुंदरकी का एक चेक उसे दिया था जो बाउंस हो गया।
पीड़ित के अनुसार जिस दिन प्लाट का बैनामा होना था उसी दिन दूसरा पक्ष घर से गायब हो गया और आज तक उनका कोई अता-पता नहीं चल सका। जबकि अन्य घर पर ही रह रहे हैं। इन लोगों ने न तो उसे प्लाट दिया और न ही रकम वापस की। वह अपने पैसे मांगने जाता है तो आरोपी उसे एससी/एसटी एक्ट का मुकदमा दर्ज कराने की धमकी देते हैं। वह जान से मारने की धमकी देते हैं। इससे वह बेहद डरा हुआ है। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराने और अपनी रकम वापस कराने की गुहार लगाई है। एसएसपी ने कुंदरकी पुलिस को मामले की जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
