उत्तर प्रदेश की तर्ज पर अब उत्तराखंड में नाम बदलने का सिलसिला शुरू, मुख्यमंत्री ने बदला जोशीमठ का नाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चमोली, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश की तर्ज पर अब उत्तराखंड सरकार ने भी शहरों के नाम बदलने शुरू कर दिए हैं। शनिवार को चमोली जिले के नंदानगर (पूर्व नाम घाट) में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जोशीमठ का नाम ज्योतिर्मठ करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जनता की भावनाओं के अनुरूप …

चमोली, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश की तर्ज पर अब उत्तराखंड सरकार ने भी शहरों के नाम बदलने शुरू कर दिए हैं। शनिवार को चमोली जिले के नंदानगर (पूर्व नाम घाट) में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जोशीमठ का नाम ज्योतिर्मठ करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जनता की भावनाओं के अनुरूप यह फैसला किया गया है। इस दौरान उन्होंने 56 करोड़ 54 लाख 93 हजार की 16 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को घाट विकासखंड मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान घाट-नंदप्रयाग सड़क को लेकर चले आंदोलन के दौरान लोगों पर दर्ज हुए मुकदमे भी वापस लेने की घोषणा की। सीएम ने थराली के पूर्व विधायक मगन लाल शाह के नाम से थराली पंती महाविद्यालय की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री शनिवार विजय संकल्प यात्रा के तहत दोपहर करीब 12 बजे अस्थायी हेलीपेड कुरुड़ पहुंचे। मां नंदा सिद्धपीठ कुरुड़ में पूजा अर्चना के बाद सीएम नंदानगर विकासखंड घाट पहुंचे। यहां उन्होंने घाट-नंदप्रयाग सड़क समेत विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास किया।

जनसभा में सीएम ने कहा कि हमारी डबल इंजन की सरकार हर दिन 50 से अधिक जनहित के फैसले ले रही है। शुक्रवार की कैबिनेट बैठक में सरकार ने जनहित के सात फैसले लिए। उन्होंने कहा कि विभागों को अगले 10 सालों का रोडमैप तैयार करने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि ऑलवेदर रोड से यात्रा सुगम होगी और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। प्रदेश के सुदूरवर्ती क्षेत्रों को हवाई सेवा से जोड़ने के लिए प्रधानमंत्री के निर्देशन में तेजी से काम चल रहा है। पर्यटन, पलायन, स्वास्थ्य, शिक्षा जैसे विषयों के लिए ठोस नीतियां बनाई जा रही हैं।

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत, बीजेपी के जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह बिष्ट, बदरीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट, थराली विधायक मुन्नी देवी, नंदप्रयाग नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. हिमानी वैष्णव, मंडल अध्यक्ष खिलाफ सिंह, देव सिंह, राकेश रावत आदि रहे।

संबंधित समाचार