बरेली: 44 करोड़ पास, होगा विकास
बरेली, अमृत विचार। जिला पंचायत की बोर्ड बैठक में हल्के विरोध के बीच 44 करोड़ का मूल बजट पास हो गया। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों की समस्याओं, बिजली और सबसे ज्यादा सड़कों की बदहाली को लेकर चर्चा हुई। क्षेत्र पंचायत सदस्यों की शिकायतों को जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल ने संबंधित विभाग के …
बरेली, अमृत विचार। जिला पंचायत की बोर्ड बैठक में हल्के विरोध के बीच 44 करोड़ का मूल बजट पास हो गया। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों की समस्याओं, बिजली और सबसे ज्यादा सड़कों की बदहाली को लेकर चर्चा हुई। क्षेत्र पंचायत सदस्यों की शिकायतों को जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से 15 दिनों के भीतर निस्तारित कराने का आश्वासन दिया।
मंगलवार को डोहरा रोड स्थित एक लॉन में जिला पंचायत बोर्ड बैठक का आयोजन किया गया। राष्ट्रगान के साथ शुरू हुई बैठक में पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि के साथ पंचायती राज व्यवस्था के तहत विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। बैठक में जिला पंचायत सदस्य राकेश कुमार ने आवागमन में असुविधा को लेकर जिला पंचायत कार्यालय के नए भवन के निर्माण का प्रस्ताव रखा। कार्यालय भवन 80 वर्ष से ज्यादा पुराना है।
कार्यालय को डोहरा रोड स्थित मार्ग पर हस्तांतरित कर वर्तमान कार्यालय को कॉप्लेक्स के रूप में विकसित करने की मांग की जिससे जिला पंचायत की आय में इजाफा हो सके। जिला पंचायत सदस्य प्रियंका यादव ने सिर्फ दो ब्लॉक में ही कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं पर नाराजगी व्यक्त की। विभागीय अधिकारियों पर पक्षपात और भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि क्यारा व भोजीपुरा ब्लॉक के अलावा कृषि विभाग की ओजीकेएस और सीसीडीपी योजनाओं को अन्य किसी ब्लॉक में संचालित नहीं किया जा रहा जिस कारण लोग कृषि क्षेत्र की महत्वपूर्ण योजनाओं से वंचित हैं।
बताया कि कृषि विभाग के क्लस्टर निर्माण में व्यापक स्तर पर धांधलेबाजी हो रही है। सदस्य निरंजन यदुवंशाी ने बोर्ड बैठक में मांग कर जिला पंचायत के जगतपुर स्थित और नेशनल हाईवे 24 फरीदपुर क्षेत्र में जिला पंचायत की भूमि पर व्यावसायिक काम्प्लेक्स बनाने की मांग की। बोर्ड बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त कर नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। सभी शिकायतों का जल्द निस्तारण कराने की बात कही।
उन्होंने बताया कि सदस्यों द्वारा बताई गईं समस्याओं को 15 दिनों के भीतर निस्तारित करने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं। बैठक में भोजीपुरा विधायक बहोरन लाल मौर्य, जगमोहन, भाजपा नेता प्रशांत पटेल, जिला पंचायत सदस्य नीलम वर्मा, जिला पंचायत सदस्य दीपक सेठ, जिला पंचायत सदस्य सत्यपाल वर्मा, डीआईओएस डा. मुकेश कुमार सिंह, बीएसए विनय कुमार, अपर मुख्य अधिकारी भूपेंद्र सिंह, अभियंता वीके श्रीवास्तव, समन्वयक दीपक कुमार उपस्थित रहे।
कह देना ठेकेदार से, मारूंगी बहुत
अपने क्षेत्र की समस्याओं से अवगत करा रहीं बहेड़ी क्षेत्र की जिला पंचायत सदस्य संतोष भारती ने ठेकेदार के रवैये पर नाराजगी जताई। मंच पर अधिकारियों और जिला पंचायत अध्यक्ष, विधायक और सदस्यों से खचाखच भरे सभागार में उन्होंने ठेकेदार को मारने तक की चुनौती दे डाली। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में मंच की ओर इशारा करते हुए कहा कि कह देना ठेकेदार से, मारूंगी बहुत। बगैर मुझसे मिले, काम कैसे करा रहा है। कह देना, मेरे क्षेत्र में सोच समझकर आए। सदस्य भारती के इस रवैये को देख मंच पर मौजूद भोजीपुरा विधायक बहोरनलाल मौर्य और अध्यक्ष ने उन्हें माइक छोड़कर बैठने को कहा। जल्द ही निर्माण कार्य कराने का आश्वासन दिया।
पुल नहीं बनने से हजारों लोगों का अवागमन बाधित
बैठक में फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र की जिला पंचायत सदस्य ममता गंगवार ने कहा कि उनके क्षेत्र के पडरा खालसा में पुल निर्माण होना है जिससे लोगों का सुगमता पूर्वक अवागमन हो सके। पुल निर्माण के लिए 3 वर्ष पूर्व ही स्वीकृति दे दी है लेकिन विभागीय अधिकारियों की लापरवाही के कारण पुल का निर्माण अभी तक नहीं हुआ है। रास्ता बाधित होने से जालीम नगला, खानपुर, अमौर, कैथोला समेत अनेक गांवों के हजारों लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। जबकि, इस संबंध में कई बार स्थानीय अधिकारियों को कहा लेकिन हर बार मिट्टी तो कभी सीमेंट का पाइप डालकर काम टरका दिया।
