बिजनौर: ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मियों से बदमाशों ने मारपीट कर लूटी राइफल, वीडियो वायरल
बिजनौर, अमृत विचार। दो बदमाशों ने भूतपुरी तिराहे पर ड्यूटी पर तैनात सिपाही को मारपीट कर उसकी इंसास राइफल लूट कर फरार हो गये। बदमाशों ने पुलिसकर्मी पर तमंचे की बट से हमला कर लहूलुहान कर दिया। पास में खड़े जेसीबी मशीन के चालक ने चुपके से घटना को अपने मोबाइल में रिकार्ड कर लिया …
बिजनौर, अमृत विचार। दो बदमाशों ने भूतपुरी तिराहे पर ड्यूटी पर तैनात सिपाही को मारपीट कर उसकी इंसास राइफल लूट कर फरार हो गये। बदमाशों ने पुलिसकर्मी पर तमंचे की बट से हमला कर लहूलुहान कर दिया। पास में खड़े जेसीबी मशीन के चालक ने चुपके से घटना को अपने मोबाइल में रिकार्ड कर लिया जो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। सिपाही को सरकारी अस्पताल मे भर्ती कराया गया है। जहां चिकित्स ने गंभीर हालत देख हायर सेंटर रेफर कर दिया है। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है।

जानकारी के अनुसार मंगलवार की देर रात सिपाही ललित कुमार अपने साथी होमगार्ड भीम सिंह के साथ हाईवे पर भूतपूरी तिराहे के पास ड्यूटी कर रहे थे। इसी बीच सूचना मिली कि दो बाइक सवार युवक एक ट्रक चालक और उसके हेल्पर के साथ कहासुनी करते हुए गाली-गलौच कर रहे हैं। सिपाही और होमगार्ड भी मौके पर पहुंच गये। जिन्होंने बाइक सवार युवकों से घटना के बारे मे जानकारी हासिल की तो दोनों आग-बबूला हो गये और उल्टे सिपाही और होमगार्ड पर ही हमला करने लगे। वहीं पास में खड़े एक जेसीबी चालक ने चुपके से घटना की वीडियो बना ली। जो सुबह से ही सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
वीडियो में दो बदमाश सिपाही और होमगार्ड पर हमला करते और इंसास राइफल लूटकर फरार होते दिखाई दे रहे हैं। बदमाशों की पुलिस सरगर्मी से तलाश में जुटी है। एसपी सिटी डा प्रवीन कुमार रंजन ने बताया कि रात में लगभग 12 बजकर 45 मिनट पर थाना क्षेत्र अफजलगढ के मुख्य मार्ग पर एक ट्रक से मैली गिर गई थी। जिसमें दो बाइक सवार युवक आकर घुस गये। जिसको लेकर ट्रक एवं बाइक सवार युवकों के बीच कहासुनी और गाली-गलौच होने लगी। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने जानकारी हासिल की तो दोनों बाइक सवार युवकों ने अचानक हमला करते हुए सिपाही के सर पर बट मारकर घायल कर दिया और इंसास राइफल लूटकर फरार हो गये हैं। पुलिस की टीम बदमाशों की तलाश में जुटी है।
घायल सिपाही रेफर, प्राईवेट अस्पताल में भर्ती
घटना के बाद घायल सिपाही को एक दरोगा और दो सिपाही अफजलगढ के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर लेकर पहुंचे। जहां पर डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सिपाही की गंभीर हालत देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मौके पर पहुंचे एसपी देहात ने सिपाही की गंभीर हालत को देखते हुए उत्तराखण्ड काशीपुर के साहुता हास्पिटल में भर्ती कराया है। सरकारी अस्पताल के डा रजनीश का कहना है कि सिपाही के सिर में गंभीर चोटें आईं हैं। उचित इलाज के लिए उन्हें प्राइवेट अस्पताल में भेजा गया है। वहीं होमगार्ड की कोहनी पर मामूली चोटें आईं है जो खतरे से बाहर बताया जा रहा है।
वायरलैस सेट पर हुआ सूचना का प्रसारण
घटना के बाद वायरलैस सेट पर भी सूचना का प्रसारण किया गया। जिसमें काले रंग की बाइक का नम्बर बताते हुए आसपास के थानों को सूचना दी गई है। हलांकि बदमाश कहीं सुरक्षित स्थान पर छुप गये हैं। जिन्हें पुलिस तलाश कर रही है। एसपी ने बताया कि बाइक के नम्बर के आधार पर पुलिस जल्द ही अभियुक्तों की गिरफ्तारी करेगी।
पुलिस पर हमले से नागरिको में भय
एक जमाना था जब पुलिस के भय से अपराधी कांप उठते थे। लेकिन, अब तो अपराधियों ने नागरिकों की बजाये पुलिस को ही निशाना बनाना शुरू कर दिया है। बदमाशों का दुस्साहस इतना बढ़ गया है कि अब वे पुलिसकर्मियों पर भी हमला कर रहे हैं। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि सिपाही के साथ ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड राइफल होने के बावजूद भी बदमाशों से डरकर पीछे हट गया और दोनों बदमाश पुलिसकर्मी से राइफल छीनकर फरार हो गये।
बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित
पुलिस कप्तान डा धर्मवीर सिंह ने घटना का शीघ्र पर्दाफाश करने के लिए एसपी ग्रामीण के नेतृत्व में चार टीमों का गठन किया है। टीम में सर्विलास, डॉग स्कवायड, स्वाट टीम और स्थानीय पुलिस को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।
