रायबरेली: बॉयलर में रिसाव से एनटीपीसी की यूनिट नंबर दो को किया गया बंद
रायबरेली। एनटीपीसी में एक बार फिर बॉयलर में रिसाव से हड़कंप की स्थिति उत्पन्न हो गई है। ऐसे में परियोजना की यूनिट नंबर दो के बॉयलर को बंद कर प्रबंधन की ओर से मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है। बुधवार की सुबह परियोजना की 210 मेगावाट विद्युत उत्पादन क्षमता वाली नंबर दो के बॉयलर …
रायबरेली। एनटीपीसी में एक बार फिर बॉयलर में रिसाव से हड़कंप की स्थिति उत्पन्न हो गई है। ऐसे में परियोजना की यूनिट नंबर दो के बॉयलर को बंद कर प्रबंधन की ओर से मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है। बुधवार की सुबह परियोजना की 210 मेगावाट विद्युत उत्पादन क्षमता वाली नंबर दो के बॉयलर से रिसाव होने लगा।
जिसके चलते अफरातफरी मच गई। प्रबंधन ने आनन-फानन में उसे बंद कराकर कुशल इंजीनियरों से मरम्मत का कार्य शुरू करा दिया। बता दें कि परियोजना में 210, 210 मेगावाट उत्पादन क्षमता वाली पांच यूनिटें संचालित हैं, और छठी यूनिट 500 मेगावाट उत्पादन क्षमता वाली है। सभी यूनिटों से मिलाकर 1550 मेगा वाट बिजली का उत्पादन किया जाता है।
इसी बीच बुधवार की दोपहर यूनिट नंबर एक में भी तकनीकी खामी आ गई थी। जिसके चलते करीब दो घंटे के लिए उसे भी बंद करना पड़ा था। हालांकि दोपहर तीन बजे यूनिट नंबर एक को चालू कर फिर से बिजली का उत्पादन शुरू कर दिया गया है।
जनसंपर्क अधिकारी कोमल शर्मा ने बताया कि बॉयलर में रिसाव होने के चलते यूनिट नंबर दो को बंद किया गया है। जिसके मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है। यूनिट नंबर एक में तकनीकी खामी आ जाने के चलते दोपहर में दो घंटे के लिए बंद किया गया था। जिसे मरम्मत के बाद फिर से चालू करा दिया गया है।
यह भी पढ़ें: मुरादाबाद : बोलेरो और पांच लाख के लिए रिश्ता तोड़ा, खर्च वापस मांगने पर दी हत्या की धमकी
