अयोध्या: अमित शाह कल रामलला के दर्शन के बाद जनसभा को करेंगे संबोधित
अयोध्या। सुप्रीम कोर्ट से राम मंदिर का फैसला आने के बाद पहली बार शुक्रवार को अयोध्या आ रहे गृह मंत्री अमित शाह के आगमन की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। माना जा रहा है कि विधानसभा चुनाव से पहले शाह का यह अयोध्या दौरा पार्टी के कार्यकर्ताओं में जान फूंका देगा। शाह राजकीय इंटर कॉलेज …
अयोध्या। सुप्रीम कोर्ट से राम मंदिर का फैसला आने के बाद पहली बार शुक्रवार को अयोध्या आ रहे गृह मंत्री अमित शाह के आगमन की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। माना जा रहा है कि विधानसभा चुनाव से पहले शाह का यह अयोध्या दौरा पार्टी के कार्यकर्ताओं में जान फूंका देगा। शाह राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में 12 बजे चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। इससे पहले गुरुवार को भाजपा नेताओं व पुलिस प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। ऐसे में गृह मंत्री के आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है। अमित शाह का हेलीकॉप्टर सुबह 10:30 बजे अयोध्या धाम के राम कथा पार्क में उतरेगा। रामलला का दर्शन करने के बाद अमित शाह जन्मभूमि का दर्शन करेंगे और निर्माण कार्यों का जायजा भी लेंगे। इसके बाद वह हनुमानगढ़ी में भी दर्शन पूजन करेंगे।
इसके बाद मणिराम दास छावनी जाकर राम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपालदास से मुलाकात करेंगे।12:00 बजे जीआईसी मैदान में पहुंचकर तकरीबन दो लाख लोगों को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह संत कबीर नगर के लिए रवाना हो जाएंगे। इससे पहले एसपी सिटी विजय पाल सिंह समेत कई अधिकारियों व भाजपा के पदाधिकारियों ने राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में तैयारियों का जायजा लिया।
शहर में सबसे अधिक होर्डिंग खब्बू की
देश के गृह मंत्री अमित शाह के स्वागत-सत्कार के लिए स्थानीय भाजपा नेताओं ने अपनी होर्डिंगों को शहर भर में टंगवा दिया है। पूरा शहर होर्डिंगों से पटा पड़ा है। सबसे अधिक होर्डिंग और बैनर में खब्बू तिवारी ‘शाह’ बने हुए हैं। जीआईसी मैदान में शुक्रवार को आ रहे गृह मंत्री अमित शाह के आगमन पर सबसे ज्यादा होर्डिंग इंद्र प्रताप तिवारी खब्बू के लगे हैं।
पुष्पराज चौराहे से जीआईसी तक जाने वाले मार्ग पर बड़ी-बड़ी होडिंर्गों में अमित शाह की तस्वीरों के साथ स्वागताकांक्षी में खब्बू तिवारी गोसाईंगंज विधानसभा लिखा है। ऐसे में चर्चा होना लाजिमी है कि जेल में बंद खब्बू तिवारी की विधानसभा सदस्यता भी रद हो चुकी है और इतनी सारी होडिंर्गे उनके चुनाव में दावेदारी को पुख्ता करती हैं।
युवाओं ने निकाली बाइक रैली
केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह के आगमन को लेकर युवाओं का उत्साह उत्तर प्रदेश कबड्डी संघ के प्रदेश अध्यक्ष विकास सिंह के नेतृत्व में शहर की सड़कों पर दिखाई दिया। 500 से अधिक मोटरसाइकिल के काफिले के साथ रैली गांधी पार्क से निकली, जो कि रिकाबगंज, चौक, फतेहगंज, नाका होते हुए गांधी पार्क में समाप्त हुई।
यह भी पढ़ें:-अयोध्या: नगर आयुक्त विशाल सिंह ने महिलाओं को बांटी फलों की टोकरी
