मुरादाबाद : दस लाख के मोबाइल समेत चार आरोपी गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। ठाकुरद्वारा पुलिस ने 10 लाख के मोबाइल समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों ने 9 दिसंबर 2021 की रात मोबाइल शॉप में नकाब लगाकर 45 मोबाइल 38 चार्जर और डीवीआर आदि चुरा लिए थे। घटना का खुलासा करते हुए एसपी देहात विद्यासागर मिश्र ने बताया कि उत्तराखंड के …

मुरादाबाद, अमृत विचार। ठाकुरद्वारा पुलिस ने 10 लाख के मोबाइल समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों ने 9 दिसंबर 2021 की रात मोबाइल शॉप में नकाब लगाकर 45 मोबाइल 38 चार्जर और डीवीआर आदि चुरा लिए थे।

घटना का खुलासा करते हुए एसपी देहात विद्यासागर मिश्र ने बताया कि उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के जसपुर थाना क्षेत्र के मोहल्ला पट्टी चौहान निवासी मोहम्मद आसिफ की ठाकुरद्वारा में मोबाइल शॉप है। 9 दिसंबर 2021 की रात अज्ञात चोरों ने उनकी मोबाइल शॉप में कूमल लगाकर नकदी, मोबाइल चार्जर और डाटा केबल चुरा लिए थे। चोर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों के डीवीआर को भी उखाड़ कर ले गए थे।

दुकान स्वामी की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इस घटना का खुलासा करने के लिए ठाकुरद्वारा पुलिस के साथ ही सर्विलांस की टीम भी लगाई गई थी। पुलिस ने इस मामले में ठाकुरद्वारा के मोहल्ला जमुना वाला निवासी विशाल, सचिन और ग्राम नगलिया निवासी राजा तथा विवेक को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए उन्हें घर से पैसे नहीं मिलते थे। इसीलिए उन्होंने चोरी की घटना को अंजाम दिया था।

इसके तहत उन्होंने 8 दिसंबर 2021 की रात को सब्बल और हथौड़ी के माध्यम से दुकान में नकबजानी करके मोबाइल व अन्य सामान चुरा लिया। अपनी पहचान छिपाने के लिए वह सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी अपने साथ ले गए। उन्होंने डीवीआर को एक नाले में फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर नाले से डीवीआर बरामद कर ली है।

आरोपियों ने बताया कि उन्होंने जंगल में ले जाकर मोबाइल फोन निकाल लिए थे और उनके डिब्बों को वही जला दिया था। आरोपियों ने दो दो मोबाइल अपने इस्तेमाल के लिए निकाल लिए थे और बाकी मोबाइलों को बेचने की योजना थी। मगर इससे पहले ही आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। उन्होंने बताया कि चारों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है। बरामद मोबाइल, डाटा केबल, चार्जर और डीवीआर की कीमत करीब 10 लाख रूपये बताई जा रही है।

संबंधित समाचार