हल्द्वानी: गाय ने निवाला समझ कर चबाया “बम” मुंह में फटा
हल्द्वानी, अमृत विचार। केरल में एक हाथी के साथ हुई घटना की हूबहू पुनरावृत्ति हल्द्वानी के कमलुवागांजा में हुई। यहां निवाला समझ कर एक गाय आटे की लोई में छिपा कर रखे गए बम को चबा गई और जोरदार धमाके के साथ उसका जबड़ा उड़ गया। गाय अभी जिंदा है, लेकिन कुछ खा पाने की …
हल्द्वानी, अमृत विचार। केरल में एक हाथी के साथ हुई घटना की हूबहू पुनरावृत्ति हल्द्वानी के कमलुवागांजा में हुई। यहां निवाला समझ कर एक गाय आटे की लोई में छिपा कर रखे गए बम को चबा गई और जोरदार धमाके के साथ उसका जबड़ा उड़ गया। गाय अभी जिंदा है, लेकिन कुछ खा पाने की हालत में नहीं है। ऐसे में गाय कितने दिन जिंदा रहेगी, कुछ कह पाना मुश्किल है।
ये घटना बीते वर्ष 29 दिसंबर की सुबह 11 बजे की है। गिरिजा विहार कमलुवागांजा निवासी दिनेश जोशी पेशे से टेलर है और घर में तीन गाय हैं। उन्होंने बताया कि घटना के रोज उनकी तीन वर्ष की गाय फंदा तोड़ कर घर से निकल गई और पास ही स्थित बंद पड़ी स्टील फैक्ट्री में चली गई।
जंगल में तब्दील हो चुकी फैक्ट्री में किसी शिकारी ने शिकार करने के लिए आटे की लोई में बम छिपा कर रखा था। गाय आटे की लोई को निवाला समझ कर चबा गई। इस दौरान बम जोरदार धमाके के साथ फट गया। इससे गाय का जबड़ा उड़ गया और लहूलुहान हालत में गाय घर की ओर भाग खड़ी हुई। घरवालों ने जब गाय की हालत देखी तो वह भौचक्के रह गए। आनन-फानन में उन्होंने इसकी लिखित सूचना पुलिस को दी।
घटना के बाद बजरंग दल और गौ सेवक संघ की मदद से घायल गाय को हल्दूचौड़ स्थित गौशाला भेजा गया। जहां उसका इलाज तो चल रहा है, लेकिन वह कुछ खाने-पीने की हालत में नहीं है। इस मामले में गांधी आश्रम पुलिस चौकी प्रभारी बीआर पौरी ने बताया कि मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है।
तहरीर के बाद भी पुलिस ने दर्ज नहीं की रिपोर्ट
हल्द्वानी। गाय स्वामी दिनेश जोशी ने घटना के रोज ही पुलिस को लिखित तहरीर दी थी, लेकिन उस वक्त प्रधानमंत्री की जनसभा में व्यस्तता का हवाला देकर पुलिस ने मामले को टाल दिया। 30 दिसंबर को प्रधानमंत्री की जनसभा भी गुजर गई, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इससे गौ सेवकों में नाराजगी है।
केरल के मल्लपुरम में हुई थी गर्भवती हथिनी की मौत
हल्द्वानी। एक ऐसी ही घटना केरल के मल्लपुरम में हुई थी। यह घटना बीते वर्ष जून की थी। जहां शिकारियों ने एक अनानाश में बम छिपा कर रखा था और एक गर्भवती हथिनी ने अनानास खा लिया। इसके बाद अनानास में भरा बारूद उसके मुंह में फट गया और गर्भवती हथिनी की मौत हो गई। अब ठीक ऐसी ही घटना यहां कमलुवागांजा में घटी है।
बड़े अधिकारियों के सामने उठाएंगे मामला
हल्द्वानी। समाजसेवी मंजू भट्ट, बजरंग दल के जिला सह संयोजक जोगेंदर राणा और गौ सेवा संघ के जिलाध्यक्ष चंदू मेहता ने बताया कि मुखानी पुलिस इस मामले में पूछताछ तो कर रही है, लेकिन जांच सही दिशा में नहीं जा रही और न ही अभी तक पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की है। अब वह इस मामले को लेकर जिले के आलाधिकारियों से मिलेंगे और रिपोर्ट दर्ज करने की मांग करेंगे।
मामला संज्ञान में है और दोषियों को किसी सूरत बख्शा नहीं जाएगा। इस मामले में मुखानी थानाध्यक्ष को पशु क्रूरता अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दे दिए गए हैं।
-पंकज भट्ट, एसएसपी
