यूपी में दोगुनी रफ्तार से बढ़ रहा है कोरोना, पांच हजार से ज्यादा हुई सक्रिय मरीजों की संख्या
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण दोगुनी रफ्तार से बढ़ रहा है। बुधवार को प्रदेश में 24 घंटे में 2038 नये कोरोना संक्रमित मिले जबकि 51 मरीज इलाज करा कर ठीक हो गये। अब प्रदेश में कुल सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़ कर 5158 हो गई है। इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को …
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण दोगुनी रफ्तार से बढ़ रहा है। बुधवार को प्रदेश में 24 घंटे में 2038 नये कोरोना संक्रमित मिले जबकि 51 मरीज इलाज करा कर ठीक हो गये। अब प्रदेश में कुल सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़ कर 5158 हो गई है। इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को टीम-9 की बैठक में निर्देश दिया है कि कक्षा 10वीं तक के सभी विद्यालयों में 16 जनवरी तक अवकाश घोषित किया जाए तथा कक्षा 11-12 के विद्यार्थियों को केवल टीकाकरण के लिए ही विद्यालय बुलाया जाए।
टीकाकरण तिथि व अगले दिवस इन बच्चों को अवकाश दिया जाए। शेष अवधि में 11वीं-12वीं के विद्यार्थियों की कक्षायें केवल ऑनलाइन माध्यम से संचालित की जाएं। आंगनबाड़ी के बच्चों का पोषाहार उनके घर पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाए। इन बच्चों को केंद्र न बुलाया जाए।
मुख्यमंत्री ने स्कूलों में शिविर लगा कर टीकाकरण करने का निर्देश देते हुए कहा कि स्वास्थ्य विशेषज्ञों के परामर्श के अनुसार जारी की गई नई कोविड गाइडलाइंस का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। जिन जनपदों में एक्टिव केस की न्यूनतम संख्या 1,000 से अधिक हो जाए, नई व्यवस्था लागू होगी। जिलों के नोडल अधिकारी अपने संबंधित जिलों से संवाद बनाते हुये हर स्थिति पर सीधी नजर रखे। उन्होंने जिम्स नोएडा, केजीएमयू, आरएमएल और एसजीपीजीआई लखनऊ में जीनोम सिक्वेंसिंग की सुविधा के विस्तार के लिए आवश्यक मशीनें और मानव संसाधन की व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
इधर, अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि भारत सरकार द्वारा होम आइसोलेशन के सबंध मे नई गाइडलाइन जारी की गयी है। जिसके अनुसार होम आइसोलेशन की अवधि 07 दिन कर दी गयी है। उन्होने कहा कि कोविड के नये मरीजों का हास्पिटलाइजेशन नहीं के बराबर है। उन्होंने कहा कि सरकारी केन्द्रो पर कोविड की टेस्टिंग व ईलाज निशुल्क किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कोविड-19 के संबंध में दो महत्वपूर्ण शासनादेश जारी किये गये है। पहले शासनादेश के अनुसार बच्चों को टीकाकरण के दिन तथा अगले दिन अवकाश की सुविधा प्रदान की गयी है।
यदि विद्यालयो में वैक्सीनेशन सेंटर बनाये जाते है तो वैक्सीनेशन के अगले दिन अवकाश दिया जायेगा। दूसरे शासनादेश के अनुसार जिन जनपदों में 1000 से अधिक कोविड के एक्टिव केस होंगे वहाँ पर 10वी कक्षा तक के सभी शैक्षिक संस्थान बन्द किये जायेंगे। रात्रिकालीन कर्फ्यू रात 10 बजे से सुबह 06 तक लागू रहेगा। इसके अतिरिक्त चिडियाघर, स्मारक आदि में कोविड हेल्प डेस्क स्थापित कर आने वाले लोग को चेक किया जायेगा। होटल, फूड प्वाइंटस, सिनेमा हॉल 50 प्रतिशत की क्षमता के साथ संचालित होंगे। उन्होंने बताया कि अभी फिलहाल गौतमबुद्ध नगर में ही 1000 से अधिक कोविड के एक्टिव केस है। प्रदेश के 33 जनपदों में कोविड के 10 से भी कम एक्टिव केस है।
यह भी पढ़ें:-बरेली: कोरोना की तीसरी लहर से प्रभावित हो सकती हैं परीक्षाएं
