बरेली: दुष्कर्म पीड़िता की मौत, विरोध पर जलाया था

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। घर से खींचकर ले जाने के बाद दुष्कर्म के प्रयास का विरोध करने पर आरोपियों ने उस पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी थी। निजी अस्पताल में इलाज के तीसरे दिन किशोरी ने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों के मुताबिक किशोरी का आधे से ज्यादा हिस्सा जल चुका था। परिजनों की तहरीर …

बरेली, अमृत विचार। घर से खींचकर ले जाने के बाद दुष्कर्म के प्रयास का विरोध करने पर आरोपियों ने उस पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी थी। निजी अस्पताल में इलाज के तीसरे दिन किशोरी ने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों के मुताबिक किशोरी का आधे से ज्यादा हिस्सा जल चुका था। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर एक को गिरफ्तार कर कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया था। वहीं दूसरा आरोपी अभी तक फरार चल रहा है।

देवरनिया थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी की मां ने बताया कि 5 जनवरी 2021 को आरोपियों ने उनकी बेटी के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने पेट्रोल डालकर किशोरी को आग के हवाले कर दिया था। वहीं बेटी को बचाने पहुंची मां के साथ भी आरोपियों ने मारपीट शुरू की थी। मां ने किसी तरह शॉल को बेटी पर डालते हुए आग को बुझाया। परिजनों ने बताया कि जब तक वह लोग किशोरी के पास पहुंचे तब तक उसका शरीर 90 प्रतिशत तक जल चुका था। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। स्थिती ज्यादा खराब होने के चलते किशोरी को वहां से रेफर कर दिया गया।

इसके बाद उसका मिनीबाईपास स्थित निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। इलाज के तीसरे दिन शुक्रवार को किशोरी जिंदगी की जंग हार गई और उसने दम तोड़ दिया। वहीं पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर आरोपी आरिफ और उसके भाई कासिम के खिलाफ मारपीट करने, ज्वलनशील पदार्थ डालकर जलाने, धमकी देने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी। देवरनिया इंस्पेक्टर सुनील कुमार शर्मा ने आरिफ को गिरफ्तार कर कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया है और उसके भाई कासिम की तलाश की जा रही है। शुक्रवार की देर शाम पोस्टमार्टम के बाद परिजनों की शव सौंप दिया गया। वहीं बेटी का शव लेने से पहले मां-बाप गाड़ी से निकलने की हिम्मत ही नहीं जुटा सके। किशोरी की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

आते-जाते करता था छेड़खानी
पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद किशोरी की मां ने बताया कि आरोपी आरिफ बेटी के साथ आये दिन छेड़छाड़ करता था। किशोरी का घर से निकलना भी दूभर हो गया था। बताया कि आरोपी कई बार किशोरी पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव भी बना चुके थे। परिजनों ने आरोपी के घरवालों व पुलिस मामले की शिकायत की गई थी, लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं हुई। वहीं दो माह पहले घर के आगे कूड़ा व शौचालय की गंदगी फेंकने की वजह से दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। आरोप है कि तभी से आरोपी रंजिश मानकर बैठे थे और उन्होंने वारदात को अंजाम दिया।

संबंधित समाचार