हल्द्वानी: कोरोना संक्रमित मरीज बूथ पर पहुंच कर सकेंगे मतदान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अंकुर शर्मा, अमृत विचार, हल्द्वानी। कोरोना संक्रमित मरीज भी अपनी पसंद के नेता को वोट दे सकेंगे। निर्वाचन आयोग ने कोविड-19 संक्रमित मरीजों के लिए भी दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। इसमें कोरोना संक्रमितों को डाकमत और बूथ पर पहुंच कर मतदान करने की सुविधा दी गई है। वहीं, आदर्श आचार संहिता लागू होने के …

अंकुर शर्मा, अमृत विचार, हल्द्वानी। कोरोना संक्रमित मरीज भी अपनी पसंद के नेता को वोट दे सकेंगे। निर्वाचन आयोग ने कोविड-19 संक्रमित मरीजों के लिए भी दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। इसमें कोरोना संक्रमितों को डाकमत और बूथ पर पहुंच कर मतदान करने की सुविधा दी गई है। वहीं, आदर्श आचार संहिता लागू होने के साथ ही प्रशासन तेजी से तैयारियों में जुट गया है।

जिला निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, कोविड-19 महामारी के बीच विधानसभा चुनाव की तैयारियां की जा रही हैं। इस बार यह व्यवस्था की गई है कि आदर्श आचार संहिता लागू होने के पांच दिनों में कोरोना संक्रमित नजदीकी बूथ लेवल अधिकारी के जरिए डाकमत पत्र के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें पहले फार्म 12-डी जमा करना होगा। फिर वह घर बैठे डाकमत से पसंदीदा उम्मीदवार को वोट दे सकेंगे।

बूथ पर पहुंच कर भी दे सकेंगे वोट
निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, यदि कोई कोराना संक्रमित मरीज बूथ पर पहुंच कर मतदान करना चाहता है तो वह कर सकता है। प्रत्येक बूथ पर सभी सामान्य मतदाताओं के मतदान के बाद अंतिम एक घंटा कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए होगा। इसमें बूथ पर चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मी पीपीई किट पहन कर कोरोना संक्रमितों की मतदान प्रक्रिया संपन्न कराएंगे।

मतदान के लिए हर मतदाता को मिलेगा एक दस्ताना
ईवीएम मशीन को कोरोना वायरस संक्रमण से बचाने के लिए बूथों पर प्रत्येक मतदाता को मतदान के लिए सिर्फ एक हाथ (जिससे वह मतदान करेगा) का दस्ताना दिया जाएगा। इस दस्ताने को पहन कर वह मतदान करेगा और फिर दस्ताने को उतार देगा। बाद में इसका निस्तारण किया जाएगा। इस तरह ईवीएम मशीन का कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव किया जाएगा।

डाकमत को लेकर अभी भी संशय बरकरार
राज्य में 14 फरवरी को विधानसभा चुनाव होने हैं। आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है । अब पांच दिनों में कोरोना संक्रमित मरीज डाकमत के लिए आवेदन कर सकते हैं लेकिन जो लोग मतदान तिथि के नजदीकी समय में कोरोना संक्रमित होंगे वे डाकमत का प्रयोग करेंगे या नहीं इसको लेकर संशय बना हुआ है।

बूथों पर थर्मल स्कैनिंग और मास्क अनिवार्य
सामान्य मतदाता भी थर्मल स्कैनिंग और मास्क के बिना बूथों पर प्रवेश नहीं कर पाएगा। वहीं मतदाता कतार में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए होंगे। बूथों का सैनिटाइजेशन भी किया जाएगा ताकि कोविड-19 वायरस के संक्रमण की रोकथाम हो।

कोविड-19 महामारी के मद्देनजर बूथों पर थर्मल स्कैनिंग, मास्क पहनना अनिवार्य है। प्रत्येक मतदाता को वोटिंग के लिए एक ग्लव्स दिया जाएगा। कोरोना संक्रमित डाकमत व बूथ पर पहुंच कर आवेदन कर सकते हैं। – अशोक जोशी, अपर जिलाधिकारी नैनीताल

संबंधित समाचार