हल्द्वानी: कुमाऊं बनता जा रहा नशे का गढ़, पकड़ी गयी 51 लाख की स्मैक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। कुमाऊं के इतिहास में सबसे अधिक मात्रा में स्मैक की बरामदगी करते हुए एसओजी और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो शातिर स्मैक तस्कर हत्थे चढ़े। इस दौरान कार सवार तीसरा बड़ा तस्कर पुलिस को चमका देकर फरार हो गया। पुलिस ने गिरफ्त में आए आरोपियों के पास से आधा किलो से …

हल्द्वानी, अमृत विचार। कुमाऊं के इतिहास में सबसे अधिक मात्रा में स्मैक की बरामदगी करते हुए एसओजी और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो शातिर स्मैक तस्कर हत्थे चढ़े। इस दौरान कार सवार तीसरा बड़ा तस्कर पुलिस को चमका देकर फरार हो गया। पुलिस ने गिरफ्त में आए आरोपियों के पास से आधा किलो से ज्यादा स्मैक बरामद की है। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 51 लाख आंकी जा रही है।

मामले का खुलासा करते हुए डीआईजी निलेश आनंद भरणे ने बताया कि हल्द्वानी पुलिस और एसओजी को मुखबिर से खबर मिली थी। इसके बाद टीम ने बेलबाबा में डेरा डाल कर चेकिंग शुरू कर दी। तभी एक कार चेकिंग स्थल से पहले ही रुक गई। पुलिस को देख कर दो युवक कार से उतरकर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।

जबकि कार में सवार तीसरा युवक मौके का फायदा उठा कर कार समेत मौके से फरार हो गया। गिरफ्त में आए गौला गेट टनकपुर रोड बनभूलपुरा निवासी शाहिद के पास से 207.60 और ठाकुरद्वारा फतेहगंज बरेली उत्तर प्रदेश निवासी सारिक अली के पास से पुलिस ने 305.21 ग्राम स्मैक बरामद की।

कुल मिलाकर पुलिस ने 512.81 ग्राम स्मैक बरामद की। गिरफ्त में आए आरोपियों ने बताया कि कार में मीरगंज बरेली उत्तर प्रदेश का असद सवार था। जिसके जरिये वो स्मैक की खरीद-फरोख्त करते थे। गुडवर्क करने वाली टीम को डीआईजी निलेश आनंद भरणे ने 20 हजार और एसएसपी पंकज भट्ट ने 10 हजार इनाम की घोषणा की है।

सबसे बड़ी बरामदगी करने वाली टीम में थे ये लोग
हल्द्वानी। गुडवर्क करने वाली टीम में सीओ ऑपरेशन नितिन लोहनी, कोतवाल हरेंद्र चौधरी, एसओजी प्रभारी नंदन सिंह रावत, एसआई मनोज कुमार, एसआई विकास रावत, एसआई कश्मीर सिंह, का.कुंदन कठायत, का.त्रिलोक सिंह, का.तारा सिंह, का.हेमंत कुमार, का.अशोक रावत व का.अनिल गिरी थे।

नए एसएसपी पंकज के कार्यकाल में रिकार्ड बरामदगी
हल्द्वानी। एसएसपी पंकज भट्ट के कार्यकाल में जिला पुलिस ने बेहतरीन काम किया। डीआईजी निलेश आनंद भरणे ने बताया कि एसएसपी पंकज भट्ट के कार्यकाल के दौरान तकरीबन एक किलो स्मैक की बरामदगी की गई। जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में एक करोड़ रुपए की कीमत बताई जा रही है।

राज्य के स्मैक तस्करों की सूची में एक नाम और जुड़ा
हल्द्वानी। डीआईजी ने बताया कि प्रदेश में 70 स्मैक तस्करों की सूची तैयार की गई है, जिसमें एक तस्कर का इजाफा और हुआ है। ये संख्या बढ़कर अब 71 हो गई है। जिस तस्कर का नाम इसमें जुड़ा है वो बरेली का फरार असद है। कुल 71 तस्करों में से 40 स्मैक तस्कर केवल कुमाऊं में मौजूद हैं।

संबंधित समाचार