हल्द्वानी: शुभ मुहूर्त के इंतजार में अटकी प्रत्याशियों की सूची

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

 हल्द्वानी, अमृत विचार। विधानसभा चुनाव की रणभेरी बज चुकी है। प्रशासनिक तैयारियां जोर-शोर से चल रही है। दूसरी ओर राजनीतिक पारा भी चढ़ गया है। प्रत्याशियों के चयन को लेकर भागदौड़ अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। प्रत्याशियों को लेकर आमजन में भी खूब चर्चाएं चल रही है। पिछले एक सप्ताह से प्रत्याशियों की सूची …

 हल्द्वानी, अमृत विचार। विधानसभा चुनाव की रणभेरी बज चुकी है। प्रशासनिक तैयारियां जोर-शोर से चल रही है। दूसरी ओर राजनीतिक पारा भी चढ़ गया है। प्रत्याशियों के चयन को लेकर भागदौड़ अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। प्रत्याशियों को लेकर आमजन में भी खूब चर्चाएं चल रही है। पिछले एक सप्ताह से प्रत्याशियों की सूची को लेकर तमाम कयासबाजियां चल रही हैं लेकिन अब माना जा रहा है कि उत्तरायणी पर्व के बाद ही प्रत्याशियों की सूची जारी हो सकेगी।

प्रत्याशियों को लेकर दोनों ही पार्टियों में दौड़ धूप चल रही है। बताया जा रहा है कि भाजपा व कांग्रेस में कुछ सीटों पर सहमति बनी हुई लेकिन इसके बाद भी प्रत्याशियों की सूची जारी न होने से तमाम अटकलबाजियां चल रही हैं। बताया जा रहा है कि इसके लिए शुभ मुहूर्त का इंतजार किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि मकर संक्रांति व उत्तरायणी पर्व से पहले के 30 दिन ज्योतिष गणना के हिसाब से सही नहीं माने जाते हैं। इन दिनों में कोई शुभ काम नहीं होता है। अब मामला सत्ता की सीढ़ी चढ़ने का हो तो कोई भी कसर नहीं छोड़ी जा रही है। ऐसे में शुभ मुहूर्त का इंतजार किया जा रहा है। उत्तरायणी के बाद किसी भी दिन प्रत्याशियों की सूची जारी हो जाएगी।

भाजपा: पर्यवेक्षकों की रायशुमारी का काम पूरा
हल्द्वानी। भाजपा ने हर विधानसभास्तर पर पर्यवेक्षकों की टीम बनाई है। इस टीम ने हर विधानसभा क्षेत्र में जाकर पार्टीजनों से प्रत्याशियों को लेकर राय मांगी। बाकायदा गुप्त मतदान भी कराया गया। जिससे कि आरोपों की गुंजाइश न रहे। दस जनवरी यानी सोमवार तक पर्यवेक्षक हर विधानसभा तक पहुंचे। देर शाम से रिपोर्ट पार्टी के प्रदेश कार्यालय भेजे जाने का सिलसिला शुरू हो गया। पार्टी के प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार का कहना है कि सोमवार देर शाम तक सभी विधानसभा क्षेत्र के पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट मिल जाएगी। इसके बाद इन्हें प्रदेश चुनाव समिति को सौंप दिया जाएगा। वहां से रिपोर्ट केंद्रीय चुनाव समिति को दी जाएगी। वहां से प्रत्याशियों का चयन होगा।

कांग्रेस ने भी जमीनी होमवर्क पूरा किया
हल्द्वानी। कांग्रेस ने भी अपना जमीनी होमवर्क पूरा कर लिया। कांग्रेस हाईकमान की ओर से नियुक्त पर्यवेक्षकों ने विधानसभा स्तर पर जाकर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। स्क्रीनिंग कमेटी के सामने अपना आवेदन करने वाले हर उम्मीदवार के बारे में कार्यकर्ताओं से पूछा। साथ ही यह भी जानने की कोशिश की कि यदि टिकट नहीं मिलता है तो इनका क्या कदम होगा। इन पर्यवेक्षकों ने अपनी रिपोर्ट कांग्रेस प्रदेश नेतृत्व को सौंप दी है। कांग्रेस के केंद्रीय नेता अब प्रत्याशियों के बारे में अंतिम निर्णय लेंगे। कहा जा रहा है कि कांग्रेस में तकरीबन आधे उम्मीदवारों के नाम तय हो गए हैं लेकिन सूची अभी जारी नहीं की गई है। कहा जा रहा है कि आने वाले सप्ताह में सूची जारी कर दी जाएगी।

बाकी दलों में भी चल रहा गुणाभाग
हल्द्वानी। बसपा, सपा की पहली सूची भी अभी नहीं आ सकी है। माना जा रहा है दोनों ही दलों का शीर्ष नेतृत्व उत्तर प्रदेश को प्राथमिकता दे रहा है। इसके चलते अभी राज्य को वक्त नहीं मिल पा रहा है। उत्तराखंड क्रांति दल व आम आदमी पार्टी अपनी एक सूची जारी कर चुके हैं। बाकी सीटों के लिए मंथन चल रहा है।

भाजपा के पर्यवेक्षकों ने की रायशुमारी
हल्द्वानी। नैनीताल जिले की सीटों के लिए पर्यवेक्षक बनाए गए राज्यसभा सांसद नरेश बंसल मयंक गुप्ता व भाजपा नेता विनोद आर्या ने सोमवार को रायशुमारी की। नैनीताल, रामनगर, लालकुआं, भीमताल, कालाढूंगी के बाद शाम को पर्यवेक्षकों का पैनल भाजपा संभाग कार्यालय पहुंचा। यहां पर बड़ी संख्या में भाजपा के पदाधिकारी व प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद रहे। पहले राज्यसभा सांसद बंसल ने सभी को अनुशासन का पाठ पढ़ाया। उन्होंने कहा यह एक सामान्य प्रक्रिया है। दावेदारी करना सबका अधिकार है। प्रत्याशी कोई भी हो, चुनाव कमल के फूल को लड़ाना है। इस मौके पर मेयर डॉ. जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला, पार्षद प्रमोद तोलिया, जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, प्रकाश हर्बोला मौजूद रहे।

 

संबंधित समाचार