अयोध्या: अपराधियों पर लगाम लगाने के लिए कसा जा रहा शिकंजा, अपडेट हो रही टॉप-10 सूची
अयोध्या। विधानसभा चुनाव की तिथियां जैसे-जैसे नजदीक आ रही हैं। वैसे-वैसे अपराध और अपराधियों पर लगाम लगाने के लिए शिकंजा कसा जा रहा है। एसएसपी ने मंगलवार को निर्देश दिया कि टॉप-10 अपराधियों की सूची को अपडेट करते हुए नये अप़राधियों को उसमें शामिल किया जाए। एसएसपी शैलेश कुमार पांडे ने जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी …
अयोध्या। विधानसभा चुनाव की तिथियां जैसे-जैसे नजदीक आ रही हैं। वैसे-वैसे अपराध और अपराधियों पर लगाम लगाने के लिए शिकंजा कसा जा रहा है। एसएसपी ने मंगलवार को निर्देश दिया कि टॉप-10 अपराधियों की सूची को अपडेट करते हुए नये अप़राधियों को उसमें शामिल किया जाए।
एसएसपी शैलेश कुमार पांडे ने जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी व अन्य अधिकारी और कर्मचारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अपराधियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई, लम्बित विवेचनाओं का निस्तारण, वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी और अपराध व कानून व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिये। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिया कि टॉप-10 अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों और 10 साल में चिन्हित अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई की जाए।
टॉप-10 अपराधियों की सूची को अपडेट करते हुए नये अपराधियों को सूची में सम्मिलित किया जाय। साथ ही साथ आगामी चुनाव में बाधा पैदा करने वाले घटकों को चिन्हित करते हुए उनके विरुद्ध प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई की जाए।
उन्होंने आचार संहिता का पालन कराये जाने व एरिया डोमिनेशन करते हुए बार्डर एरिया पर सतर्क दृष्टि रखे जाने हेतु निर्देशित किया। अवैध शराब बिक्री व मादक पदार्थों की बिक्री के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करने का आदेश दिया है। कोविड-19 व नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के दृष्टिगत मास्क व सेनेटाइजर का प्रयोग अवश्य किया व कराया जाना सुनिश्चित किया जाय।
थानों द्वारा शस्त्रों को जमा कराकर सही ढंग से सुरक्षित रखने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। किसी भी आपराधिक घटना की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल घटनास्थल पर पहुंचने व आवश्यक कार्रवाई करने के सम्बन्ध में निर्देशित किया गया।
पढ़ें- UP: स्वामी प्रसाद मौर्य ने कैबिनेट मंत्री पद से दिया इस्तीफा, सपा में हो सकते हैं शामिल
