बागेश्वर: द्वारिकाधीश मंदिर के पास फिर धंसा मुख्य मोटर मार्ग, कभी भी बंद हो सकता है बागेश्वर- गिरेछीना मोटर मार्ग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बागेश्वर, अमृत विचार। तीन दिन तक हुई तेज बरसात से बागेश्वर-गिरेछीना मोटर मार्ग द्वारिकाधीश मंदिर के समीप फिर से धंसने लगा है। मार्ग में एक ओर भूस्खलन हो गया है तो सड़क में लगभग छह इंच दरार आ चुकी है। मार्ग बंद होने से कई गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क भंग हो जाएगा। बागेश्वर- …

बागेश्वर, अमृत विचार। तीन दिन तक हुई तेज बरसात से बागेश्वर-गिरेछीना मोटर मार्ग द्वारिकाधीश मंदिर के समीप फिर से धंसने लगा है। मार्ग में एक ओर भूस्खलन हो गया है तो सड़क में लगभग छह इंच दरार आ चुकी है। मार्ग बंद होने से कई गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क भंग हो जाएगा।

बागेश्वर- गिरेछीना मोटर मार्ग में द्वारिकाधीश मंदिर के समीप दो साल पूर्व पहाड़ी दरकने से मोटर मार्ग में मलबा आ गया था, जिसके बाद लोनिवि ने काम चलाउ व्यवस्था के तहत पहाड़ी को खोदकर व सड़क में भरान करके मोटर मार्ग को आवागमन के योग्य बनाया।

इधर, गत तीन दिन में हुई तेज बरसात से मोटर मार्ग में फिर से दरार आ गई है। इस बार मार्ग दरक रहा है तथा मार्ग में कई स्थानों पर लगभग दो से तीन फिट गहरा व छह इंच चौड़ी दरार आ गई है। यहां से गुजरने वाले ग्रामीणों का कहना है कि लोनिवि ने दो साल पूर्व यदि गंभीरता से कार्य किया जाता तो यह मार्ग नहीं दरकता। कहा कि लोनिवि ने मात्र मलबे की सफाई करके मार्ग को चलने योग्य बनाया लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया जिससे दोबारा मार्ग दरक रहा है।

कई गांवों का होगा जिला मुख्यालय से संपर्क भंग
मार्ग के ध्वस्त होने से इस मार्ग से रानीखेत, अल्मोड़ा आने जाने वाले यात्रियों को गरूड़ होते हुए जाना होगा साथ ही चामी, जौलकांडे, सात, रतबे, लेटी, शीशाखानी समेत अमसरकोट आदि दर्जनों गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क भंग हो जाएगा।

पिछली बार पोलिंग पार्टी की हुई थी फजीहत
विधानसभा चुनाव आते ही बागेश्वर-गिरेछीना मोटर मार्ग में फिर से दरार आ गई है। तीन साल पूर्व लोकसभा चुनावों के दौरान भी यह मार्ग बंद था। इस कारण इस मार्ग में पड़ने वाले कई बूथों को जाने वाली पोलिंग पार्टियों को गरुड़, कौसानी, सोमेश्वर होते हुए जाना पड़ा था। यदि समय रहते मार्ग की मरम्मत नहीं की तो विधानसभा चुनाव में भी पोलिंग पार्टियों को कई किमी घूम कर जाना पड़ सकता है।

मोटर मार्ग का शीघ्र स्थलीय निरीक्षण करके तेजी से काम करने के आदेश दिए गए हैं। मार्ग को सुचारू करने के लिए आवश्यक उपाय किए जाएंगे। – हरिगिरी , उपजिलाधिकारी बागेश्वर।

संबंधित समाचार