हल्द्वानी: सिनेमा हॉल खोलने के नाम पर पांच लाख ठगे, पुलिस ने छह महीने बाद लिखी रिपोर्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। सिनेमाघर खोलने के नाम पर शहर के एक व्यापारी से पांच लाख रुपये ठग लिये गये। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने छह महीने बाद मुंबई की के.सेरा सेरा बॉक्स ऑफिस प्रा.लि. कंपनी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मानपुर उत्तर ट्रांसपोर्टनगर निवासी मनीष कुमार गोयल ने बताया कि वर्ष …

हल्द्वानी, अमृत विचार। सिनेमाघर खोलने के नाम पर शहर के एक व्यापारी से पांच लाख रुपये ठग लिये गये। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने छह महीने बाद मुंबई की के.सेरा सेरा बॉक्स ऑफिस प्रा.लि. कंपनी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

मानपुर उत्तर ट्रांसपोर्टनगर निवासी मनीष कुमार गोयल ने बताया कि वर्ष 2020 में सोशल मीडिया साइट फेसबुक के जरिये उनकी जान-पहचान सलमान, नाजनीन, मोनिका रावत और सचिन अग्रवाल से हुई। इन्होंने मनीष को खुद को मुंबई स्थित के.सेरा सेरा बॉक्स ऑफिस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का कर्मचारी बताया। कहा कि सतीश रामस्वरूप पंचारिया इस कंपनी के डायरेक्टर/ चेयरमैन हैं। कंपनी का ऑफिस अंधेरी वेस्ट मुंबई में है।

मनीष की मानें तो कंपनी हल्द्वानी में सिनेमा हॉल के लिए फ्रेंचाइजी देना चाहती थी। इस पर मनीष तैयार हो गए। उक्त लोगों ने कहा कि वह मनीष की जमीन पर डेमोनुमा सिनेमाघर स्थापित करेंगे, लेकिन फ्रेंचाइजी लेने से पहले पांच लाख रुपये जमा करने होंगे। इससे पहले मनीष मुंबई गए और भरोसा होने पर उन्होंने वर्ष 2020 की जनवरी से फरवरी के मध्य पांच लाख रुपये आरोपियों के खाते में जमा करा दिये। इसके बाद मार्च से लॉकडाउन लग गया। लॉकडाउन खुला तो आरोपी सिनेमाघर बनाने में आनाकानी करने लगे और मांगने पर रुपये भी वापस नहीं किए। इस पर मनीष ने सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करायी।

छह माह बाद पुलिस ने लिखी रिपोर्ट
इस मामले को एक साल गुजर गया है। ठगे जाने पर मनीष पुलिस के पास पहुंचे और तहरीर दी। पुलिस ने बजाय रिपोर्ट दर्ज करने के पहले जांच करना मुनासिब समझा। इस जांच में छह महीने गुजर गए और जांच में हुई गड़बड़ियों की वजह से और समय गुजर गया। अब जाकर इस मामले में रिपोर्ट दर्ज हुई है।

संबंधित समाचार