बागेश्वर के विधायक को चुनाव आयोग का नोटिस
बागेश्वर, अमृत विचार। चुनाव आचार संहिता लगते ही विधायक चंदन दास को आयोग ने नोटिस भेजा है। दास पर आरोप है कि उन्होंने अपनी विधानसभा के अणां क्षेत्र में जाकर भीड़ एकत्र करके कोविड नियमावली का उल्लंघन करने के साथ ही कंबल वितरित किए। इस पर रिटर्निंग अधिकारी ने उन्हें नोटिस भेजा है। कांग्रेस के …
बागेश्वर, अमृत विचार। चुनाव आचार संहिता लगते ही विधायक चंदन दास को आयोग ने नोटिस भेजा है। दास पर आरोप है कि उन्होंने अपनी विधानसभा के अणां क्षेत्र में जाकर भीड़ एकत्र करके कोविड नियमावली का उल्लंघन करने के साथ ही कंबल वितरित किए। इस पर रिटर्निंग अधिकारी ने उन्हें नोटिस भेजा है।
कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री बालकृष्ण ने जिला निर्वाचन अधिकारी व जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में कहा था कि भाजपा के विधायक चंदन दास ने चुनाव आचार संहिता लगने के बाद गरुड़ विकास खंड के अणां गांव में सार्वजनिक रूप से भीड़ जुटाई तथा कोविड नियमावली का उल्लंघन किया। इस दौरान भाजपा विधायक चंदन दास ने साज-बाज उपकरण भी वितरित किए।
आचार संहिता लगने के बाद इस तरह का कार्य करना आचार संहिता का उल्लंघन है। जिस पर जिलाधिकारी विनीत कुमार ने इस संबंध में रिटर्निंग अधिकारी व उपजिलाधिकारी हरि गिरी को कार्रवाई के आदेश दिए। रिटर्निंग अधिकारी हरिगिरी ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद विधायक चंदन दास को आचार संहिता के उल्लंघन का नोटिस भेजा है। नोटिस के जवाब का इंतजार है।
दिनांक लिखने में चूक गए बालकृष्ण
बागेश्वर। विधायक चंदन दास के अणां गांव में आयोजित सार्वजनिक समारोह की शिकायत करने में कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री बालकृष्ण तकनीकी मामले में चूक गए। उन्होंने जल्दबाजी में शिकायत में विधायक चंदन दास की शिकायत करने पर दिनांक 9 जनवरी 2021 लिख दिया। जबकि वह शिकायत वर्ष 2022 की करना चाह रहे थे। इसे ही विधायक ने पकड़ लिया। विधायक दास ने कहा कि नोटिस का जवाब दिया जाएगा। साथ ही कहा कि यह शिकायत वर्ष 2021 की है तब हो सकता है कि वे उस दिन अणां गांव में होंगे लेकिन तब आचार संहिता नहीं थी।
