रुद्रपुर: पुलिस जल्द ही बेनकाब करेगी पशु हत्यारों के चेहरे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रप़ुर, अमृत विचार। पुलिस को पशु हत्या मामले में चुनावी माहौल के बीच क्षेत्र की फिजा बिगाड़ने के बड़े मकसद से अंजाम दिये जाने के संकेत मिले हैं। सूत्रों के अनुसार चेहरे बेनकाब होने पर इनके कई राज और जुर्म भी प्रकाश में आने की संभावना है। एक बड़ा ग्रुप इस वारदात में शामिल बताया जाता …

रुद्रप़ुर, अमृत विचार। पुलिस को पशु हत्या मामले में चुनावी माहौल के बीच क्षेत्र की फिजा बिगाड़ने के बड़े मकसद से अंजाम दिये जाने के संकेत मिले हैं। सूत्रों के अनुसार चेहरे बेनकाब होने पर इनके कई राज और जुर्म भी प्रकाश में आने की संभावना है। एक बड़ा ग्रुप इस वारदात में शामिल बताया जाता है। केवल यूपी के रामपुर से ही नहीं हैं। बल्कि उत्तराखंड के अपराधी भी इस षड़यंत्र में अहम भूमिका निभा रहे थे।

पुलिस विभाग के अधिकारियों ने आवास विकास में हुए इस पूरे प्रकरण के राज अभी पूरी तरह से खोले नहीं हैं। लेकिन जो संकेत मिले हैं, उससे यह साफ है खुलासे के दौरान कई बड़े राज भी खुलेंगे। पुलिस सूत्रों की माने तो सीसीटीवी कैमरे में जो कार मिली थी, पुलिस ने उसका पता लगाने के साथ ही कार सवारों को भी चिह्नित कर लिया है। मामले में रामपुर के स्वार के तीन लोगों के चेहरे पुलिस के सामने साफ हो चुके हैं, बाजपुर से भी उनका लिंक माना जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार पूरे ग्रुप में अपराधिक सदस्यों की संख्या छह तक भी हो सकती है। बड़ी बात यह है कि ये केवल पशु तस्करी में ही संलिप्त नहीं है, बल्कि उनका आराधिक इतिहास और भी चौंकाने वाला है। आरोपी पकड़े गए तो पुलिस के लिए यह बड़ी सफलता होगी। पुराने बड़े मामलों में शामिल इन लोगों के मिलने के बाद कई पीड़ितों को भी न्याय मिल सकता है।

यही नहीं उत्तराखंड पुलिस की सक्रियता और उसकी तेजी का लाभ यूपी पुलिस को भी मिलेगा। बताया जाता है कि ये लोग यूपी में भी आपराधिक घटनाएं कर चुके हैं और यूपी पुलिस लंबे समय से इनकी तलाश भी कर रही है। अधिकारियों ने फिलहाल चीजें साफ नहीं की हैं और वे जल्द ही इसका खुलासा करने का दावा कर रहे हैं।

सिपाही से लेकर अधिकारी तक सक्रिय
– चुनावी माहौल में शहर की स्थिति बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के इरादों पर पुलिस की सक्रियता ने पानी फेरा और फिर कोई चूक न हो, इसके लिए सिपाही से लेकर अधिकारी तक जुट गए। इस मामले में 10 टीमें लगी हुई हैं। एसओजी टीम के प्रभारी कमलेश भट्ट सहित 18 से 20 के अलावा सिविल पुलिस और जिले के सभी थानों की इसमें सक्रियता बढ़ाई गई। सिपाहियों को भी शहर व क्षेत्रों के माहौल पर ध्यान देने को कहा गया। अफवाहों से भरी चर्चा पर ब्रेक लगाने के लिए सख्त निर्देश दिए गए। सोशल मीडिया पर तो नजर है ही, वीडियोग्राफी करते हुए कैमरे से भी लोगों पर नजर रखी जा रही है। अपराधियों का खुलासा तो करने में जुटे ही हैं साथ ही पुलिस माहौल नहीं बिगड़े इसको लेकर भी बड़ी भूमिका अदा करते हुए लोगों को जागरुक करने में जुटी है।

गौरक्षकों ने जल्द खुलासे की मांग की
-गौरक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को भी एसएसपी दलीप सिंह कुंवर से मिलनेपहुंचे। एसएसपी के नहीं मिलने पर वे एसपी सिटी ममता वोहरा से मिले। इस दौरान उन्होंने जल्द ही इस खुलासे का आश्वासन दिया। दल के जिलाध्यक्ष विराट कुमार ने कहा कि पुलिस अच्छा कार्य कर रही है। पशु हत्या करने वालों की पुलिस ने जानकारी जल्द हासिल कर ली। अब उम्मीद है कि जल्द ही वे सलाखों के पीछे भी होंगे।

पशु हत्या मामले में हम जल्द खुलासा कर सकेंगे। हमारी एसओजी की टीम सहित पुलिस की 10 टीमें इस मामले में बेहतर काम कर रही हैं। इस घटना में आरोपी तीन व उससे अधिक भी हो सकते हैं। अभी सब कुछ स्पष्ट नहीं हैं, लेकिन खुलासा होगा तो बहुत कुछ सामने आ सकेगा।
-ममता वोहरा, एसपी सिटी

आचार संहिता लग चुकी है। 144 धारा लागू है। इसका पालन अनिवार्य है। जिले के लोग जागरूकता का परिचय दे रहे हैं, यह अच्छी बात है। पशु हत्या मामले में यदि कोई अफवाह उड़ाता है तो लोग जिले के हित को देखते हुए इसकी सूचना पुलिस को दें। इससे माहौल खराब करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जा सके।
-दलीप सिंह कुंवर, एसएसपी

संबंधित समाचार