उत्तराखंड: राज्य में बढ़ा कोरोना का प्रकोप, दो लोगों ने दम तोड़ा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। राज्य में कोरोना से दो लोगों ने दम तोड़ दिया है। देहरादून में एक कोरोना मरीज की मौत हुई है। इधर, एसटीएच में ऊधमसिंह नगर निवासी एक व्यक्ति की कोरोना से मौत हो गई है। दोनों मरीजों को सांस लेने में दिक्कत थी और निमोनिया हुआ था। गुरुवार को भी राज्य में …

हल्द्वानी, अमृत विचार। राज्य में कोरोना से दो लोगों ने दम तोड़ दिया है। देहरादून में एक कोरोना मरीज की मौत हुई है। इधर, एसटीएच में ऊधमसिंह नगर निवासी एक व्यक्ति की कोरोना से मौत हो गई है। दोनों मरीजों को सांस लेने में दिक्कत थी और निमोनिया हुआ था।

गुरुवार को भी राज्य में कोरोना की तीसरी लहर का असर दिखा। राज्य में एक ही दिन में तीन हजार से ज्यादा मरीज आये हैं। सबसे ज्यादा देहरादून जिले में 1224 नए केस सामने आए हैं। इसके साथ ही नैनीताल जिले में 431, बागेश्वर जिले में 59, चंपावत जिले में 35, उत्तरकाशी जिले में 40, हरिद्वार जिले में 426, अल्मोड़ा जिले में 103, रुद्रप्रयाग जिले में 20, पिथौरागढ़ जिले में 44, टिहरी जिले में 47, चमोली जिले में 71, पौड़ी जिले में 106 और उधमसिंह नगर जिले में 399 केस आये है। बुधवार को प्रदेश भर में 2915 नए मामले सामने आए थे।

इधर, कुमाऊं के पहाड़ी इलाकों में कोरोना से अभी तक अपेक्षाकृत राहत मिल रही थी। लेकिन अल्मोड़ा में कोरोना विस्फोट के साथ अब यहां भी स्थिति चिंता का सबब बन रही है। नैनीताल जिले में पिछले तीन दिन में कोरोना के 1300 से ज्यादा मरीज आ गए हैं। यहां संक्रमण के मामले कम ही नहीं हो रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने ज्यादातर मरीजों को होम आइसोलेशन में भेजा है।

आठ दिनों में 16 डॉक्टर पॉजिटिव
सुशीला तिवारी अस्पताल में पिछले आठ दिनों में 16 डॉक्टर कोरोना पॉजिटिव आए हैं। गुरुवार को यहां एक और डॉक्टर पॉजिटिव आया है। प्राचार्य डॉ. अरुण जोशी ने बताया कि पिछले आठ दिनों में एसटीएच में 16 डॉक्टर पॉजिटिव हुए हैं। सबको होम आइसोलेशन में भेजा गया है।

एसबीआई मुख्य ब्रांच में 20 लोग पॉजिटिव
एसबीआई हल्द्वानी की मुख्य ब्रांच में 20 कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव आए हैं। यहां पिछले दिनों करीब 400 लोगों की जांच की गई थी। एसीएमओ डॉ रश्मि पन्त ने बताया कि सभी को होम आइसोलेट किया गया है।

जिले में संक्रमण दर 19.06 प्रतिशत
नैनीताल जिले में गुरुवार को सैम्पल जांच में कोरोना की पॉजिटिव दर 19.06 प्रतिशत रही। यहां लैब में कुल 2257 लोगों की जांच की गई। साथ ही 1955 लोगों के नए सैम्पल लिए गए हैं।

बढ़ गया टीकाकरण
गुरुवार को टीकाकरण में रफ्तार आई है। कुल 7635 लोगों को कोरोना टीका लगाया है। इधर, किशोरों के टीकाकरण में भी तेजी आई है। पिछले 11 दिनों में जिले में कुल 36415 किशोरों को टीका लगा दिया गया है।

संबंधित समाचार