अयोध्या: सर्दी-खांसी के मरीज बढ़े, पहचानना मुश्किल कोरोना है या फ्लू, चिकित्सकों ने दी ये सलाह
अयोध्या। इधर पांच-छह दिन से मौसम बहुत ही बेतुका हो गया है। रात में कड़ाके की सर्दी और दिन में कड़क धूप लोगों को बहुत परेशान कर रही है। नतीजतन ठंडी-गर्मी की वजह से खांसी, जुकाम व बुखार के मरीज बढ़ गए हैं। जिले में बढ़ते कोविड मरीजों को देखते हुए लोग समझ नहीं पा …
अयोध्या। इधर पांच-छह दिन से मौसम बहुत ही बेतुका हो गया है। रात में कड़ाके की सर्दी और दिन में कड़क धूप लोगों को बहुत परेशान कर रही है। नतीजतन ठंडी-गर्मी की वजह से खांसी, जुकाम व बुखार के मरीज बढ़ गए हैं। जिले में बढ़ते कोविड मरीजों को देखते हुए लोग समझ नहीं पा रहे हैं कि ये कोरोना के लक्षण हैं या फिर फिर सामान्य फ्लू। चिकित्सकों का कहना है कि बुखार आने पर पैरासिटामॉल की गोली लें और कोविड की जांच जरूर कराएं।
जिले में कोरोना के मरीजों की संख्या दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है।पहले दिन एक केस आने के बाद से लगातार मरीजों की संख्या डबल होती जा रही है। जिले के वरिष्ठ व कनिष्ठ भी संक्रमित हो चुके हैं। इसके बाद बची-कुची कसर मौसम ने निकाल ली। ठंडक घुलते सर्दी-खांसी, बुखार, सिरदर्द जैसी बीमारियों के लक्षण लगभग हर घर में दिखने लगे हैं। ऐसे में मौसमी बीमारी और कोरोना संक्रमण के लक्षणों में फर्क न होने से लोग परेशान हैं।
डॉक्टरों के लिए भी लक्षण के आधार पर कोरोना और सामान्य फ्लू में अंतर करना चुनौती है। लक्षणों के आधार पर डॉक्टर भी अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए कोरोना टेस्ट की सलाह दे रहे हैं। शहर के जिला अस्पताल में भी ऐसे मरीज पहुंच प्रतिदिन पहुंच रहे हैं। तीसरी लहर के बीच बच्चों और बुजुर्गों के लिए मौसम की मार बड़ी परेशानी बन रही है। डॉक्टरों की सलाह है कि यह समय अतिरिक्त सतर्कता बरतने का है। लक्षण चाहे जैसे भी हो, कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए ही मौसमी बीमारियों से भी लड़ना होगा।
छह जगह पर स्थायी रूप से 10 से 3 बजे तक होती है कोविड की जांच
1-यूपीएचसी, चक्रतीर्थ अयोध्या
2-सहादतगंज पुलिस चौकी, अब्बुसराय
3-एसएसवी इंटर कालेज, कश्मीरी मोहल्ला
4-राजकीय आयुर्वेदिव चिकित्सालय, रामनगर
5-यूपीएचसी, रेतिया
6- बृजकिशोर होम्योपैथिक चिकित्सालय देवकाली
साइकैटरिस्ट बोले, टेंशन बिल्कुल न लें
बढ़ते कोरोना केस और मौसमी बीमारियों के लक्षण एक ही हैं। ऐसे में लोग सर्दी, जुखाम और बुखार के लक्षण को कोरोना मान लेते हैं। भले ही वो फ्लू हो। ऐसे मरीजों को बिल्कुल भी परेशान होने की जरूरत नहीं है। क्योंकि इस बार का संक्रमण उतना प्रभावशाली नहीं है। जिला अस्पताल के साइकैटरिस्ट डॉ शिशिर वर्मा का कहना है कि किसी में भी ऐसे लक्षण दिखे तो उसे अपनी साइको प्रॉब्लम न बनाइये। धैर्य के साथ काम लें और प्रॉपर इलाज कराएं।
इधर, बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए टेलीमेडिसिन व्यवस्था शुरू
कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप व जनपद के राजकीय चिकित्सालयों में सामान्य ओपीडी में अतिरिक्त भीड़ व संक्रमण के रोकथाम के चलते आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य परामर्श उपलब्ध कराने के लिए जनपद के राजकीय चिकित्सालयों के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा टेली मेडीसीन सुविधा प्रारम्भ करा दी गई है, ताकि जनपद के नागरिक अपनी स्वास्थ्य समस्याओं एवं कोरोना संक्रमण से बचाव हेतु विशेषज्ञ चिकित्सकों से सम्पर्क कर परामर्श प्राप्त कर सकते है।
जिलाधिकारी नितीश कुमार ने बताया कि जनसामान्य प्रात: 8 बजे से अपरान्ह 2 बजे तक डाक्टरों के उनके मोबाइल नम्बर पर सम्पर्क कर अपनी स्वास्थ्य समस्याओं के सम्बन्ध में वार्ता कर उचित परार्मश प्राप्त कर सकते है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि मेडिकल कालेज, जिला चिकित्सालय, महिला चिकित्सालय, श्रीराम अस्पताल व 100 शैय्या चिकित्सालय कुमारगंज के चिकित्सकों का नंबर जारी किए गए हैं, जिसमें छह बाल रोग विशेषज्ञ भी शामिल हैं।
खांसी, जुखाम व बुखार के लक्षण दिखने लगे तो पैरासिटामॉल की गोली लें और कोविड कि जांच जरूर कराएं। मौसम भले ही बदल रहा है, लेकिन केस भी बढ़ रहे हैं…सीबीएन त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, जिला अस्पताल, अयोध्या।
