हल्द्वानी: जमीनी विवाद में चली गोली, पुलिस के सामने झोंके फायर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। मुखानी थानाक्षेत्र में सोमवार को जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में संघर्ष हो गया और एक पक्ष ने पुलिस के सामने ही फायर झोंक दिए। करीब पांच राउंड हुई फायरिंग में चार लोग घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। वारदात को अंजाम देने वाला मुख्य आरोपी …

हल्द्वानी, अमृत विचार। मुखानी थानाक्षेत्र में सोमवार को जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में संघर्ष हो गया और एक पक्ष ने पुलिस के सामने ही फायर झोंक दिए। करीब पांच राउंड हुई फायरिंग में चार लोग घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। वारदात को अंजाम देने वाला मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गया। आरोपी के घर से पुलिस ने एक दो नाली बंदूक और दो अवैध असलहे बरामद किए हैं। मौके से एक आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लिया है।

मुखानी के सरस्वती विहार जयदेवपुर में 45 सौ स्क्वायर फीट की जमीन विवाद ही वजह है। इस जमीन पर यहीं रहने वाले शमशेर सिंह विर्क और दूसरे पक्ष के बिलासपुर माटखेड़ा शादीनगर निवासी हरपाल सिंह, रघुवीर सिंह, रनदीपकौर और अमृतपाल सिंह अपना-अपना दावा करते हैं। बताया जाता है कि हरपाल को सोमवार को जमीन पर शमशेर द्वारा कब्जे की जानकारी मिली तो वह अपने साले हरपाल सिंह पाली, मामा के बेटे लवली और मामा दर्शन सिंह व अन्य साथियों के साथ मौके पर जा पहुंचे।

उक्त लोगों ने विवादित जमीन पर बनी गौशाला को ध्वस्त कर दिया। जब इसकी खबर शमशेर सिंह को लगी तो उसने मौके पर पहुंच कर फायर झोंक दिया और घर की ओर भाग गया, लेकिन विवाद नहीं थमा। इसी बीच सूचना पाकर आरटीओ चौकी पुलिस मौके पर जा पहुंची। हरपाल के बेटे सिमरन सिंह का कहना है कि पुलिस की मौजूदगी में शमशेर और उसके बेटे कप्तान सिंह उर्फ इंदरपाल सिंह तीन से चार राउंड फायर झोंके और मौके से फरार हो गए।

312 बोर के असलहे से चली गोली में हरपाल का साला हरपाल (35), ममेरा भाई लवली (40) और मामा दर्शन सिंह (65) के साथ एक अन्य व्यक्ति को छर्रे लगे। उन्हें बेस अस्पताल ले जाया गया। सूचना पर कुछ ही देर में एसपी सिटी हरबंस सिंह, सीओ सिटी भूपेंद्र धौनी समेत बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी मौके पर जा पहुंचे। पुलिस ने आरोपी शमशेर के घर दबिश देकर एक दो नाली बंदूक, 312 बोर का एक तमंचा और 315 बोर का एक तमंचा बरामद किया। पुलिस ने शमशेर के बड़े बेटे को हिरासत में ले लिया। जबकि मुख्य आरोपी शमशेर की तलाश की जा रही है।

जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ और गोली चली। इसमें कुछ लोग घायल हुए हैं। एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया गया है। आरोपी के घर से अवैध असलहे जब्त किए गए हैं। मामले की जांच की जा रही है।
– हरबंस सिंह, एसपी सिटी

 

संबंधित समाचार