एसीबी के सामने पेश होने में फिर नाकाम रहे मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह
मुंबई। जबरन वसूली के आरोपों से घिरे मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह मंगलवार दोपहर तक भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) के सामने पेश होने में नाकाम रहे। एसीबी के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। एसीबी एक पुलिस इंस्पेक्टर की ओर से दायर भ्रष्टाचार की शिकायत को लेकर परमबीर के खिलाफ खुली जांच कर …
मुंबई। जबरन वसूली के आरोपों से घिरे मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह मंगलवार दोपहर तक भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) के सामने पेश होने में नाकाम रहे। एसीबी के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। एसीबी एक पुलिस इंस्पेक्टर की ओर से दायर भ्रष्टाचार की शिकायत को लेकर परमबीर के खिलाफ खुली जांच कर रही है।
इस संबंध में परमबीर के बयान दर्ज करने के लिए उन्हें मंगलवार को तलब किया गया था। अधिकारी ने बताया कि जबरन वसूली के आरोप में निलंबित परमबीर को इससे पहले दस जनवरी को एसीबी के सामने पेश होने का समन जारी किया गया था। हालांकि, तब परमबीर उच्चतम न्यायालय में सुनवाई लंबित होने का हवाला देते हुए एसीबी के सामने पेश नहीं हुए थे।
अधिकारी ने कहा कि हाल ही में एक जांच दल परमबीर के मुंबई स्थित आवास पहुंचा था। उसने पूर्व पुलिस आयुक्त को एसीबी के सामने पेश होने का नोटिस दिया था। नोटिस परमबीर के रसोइये ने लिया था। अधिकारी ने आगे कहा, ”परमबीर को 18 जनवरी को एसीबी के समक्ष पेश होने का निर्देश दिया गया था, लेकिन अब तक उनकी तरफ से कोई सूचना नहीं मिली है। वह अभी तक एसीबी के समक्ष पेश नहीं हुए हैं।
ये भी पढ़े-
महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री एन.डी.पाटिल का कोल्हापुर में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
