हल्द्वानी: 28 मुकदमों वाले पिद्दा ने तोड़े थे 10 दुकानों के ताले, अब हुआ गिरफ्तार
हल्द्वानी, अमृत विचार। तीन दिन के भीतर 10 दुकानों के ताले तोड़ कर हजारों के वारे-न्यारे करने वाला चोर पिद्दा फिर पुलिस की हिरासत में है। इस पिद्दा पर 28 मुकदमे दर्ज हैं और ये एक पेशेवर चोर है। जो जेल से बाहर आते ही फिर चोरी की वारदातों में जुट जाता है। पुलिस ने …
हल्द्वानी, अमृत विचार। तीन दिन के भीतर 10 दुकानों के ताले तोड़ कर हजारों के वारे-न्यारे करने वाला चोर पिद्दा फिर पुलिस की हिरासत में है। इस पिद्दा पर 28 मुकदमे दर्ज हैं और ये एक पेशेवर चोर है। जो जेल से बाहर आते ही फिर चोरी की वारदातों में जुट जाता है। पुलिस ने इसके पास से चोरी के 37 हजार रुपये बरामद किए हैं।
मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी पंकज भट्ट ने बताया कि चोर की तलाश में बनाई गई टीम ने 350 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और 70 से 80 संदिग्धों व पुराने शातिरों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसके बाद पुलिस के हाथ अहम सुराग लगे। मंगलवार को पुलिस टीम ने आरोपी चोर प्रमोद कुमार उर्फ पिद्दा निवासी दीना डी क्लास हल्दूचौड़ लालकुआं को कर्तव्य फैक्ट्री टीपीनगर के पास से गिरफ्तार कर लिया।

पिद्दा ने पहले भी हल्द्वानी, मुखानी, काठगोदाम, बनभुलपुरा, लालकुआं आदि थानाक्षेत्रों में कई नकबजनी की वारदातों को अंजाम दिया है। उसके खिलाफ नैनीताल जिले में अब तक 28 अभियोग पंजीकृत किए जा चुके हैं। आरोपी के पास से दो अलग-अलग मामलों के 37 हजार रुपये और एक मोबाइल बरामद किया गया है। पुलिस टीम में कोतवाल हरेन्द्र चौधरी, मंडी चौकी प्रभारी विजय पाल सिंह, टीपीनगर चौकी प्रभारी मनोज कुमार, का. गणेश कुमार, मो. आकिल, जगदीश भारती, सुरेन्द्र सिंह, जितेन्द्र कुमार, विरेन्द्र चौहान, इसरार नवी, इसरार अहमद, वंशीधर जोशी व भगवान सिंह सैलाल थे।
दो माह पहले जेल से छूटा और बदल लिया हुलिया
एसएसपी पंकज भट्ट ने बताया कि आरोपी प्रमोद पिद्दा दो माह पहले ही जेल से छूटकर बाहर आया था। जेल से छूटते ही उसने फिर से ताबड़तोड़ चोरियां शुरू कर दीं। उन्होंने बताया कि प्रमोद पिद्दा के अपराध करने का तरीका पूर्व में भी इसी प्रकार रहा है और इस बार प्रमोद पिद्दा ने जेल से छूटने के बाद अपना हुलिया भी बदल लिया था।
