हल्द्वानी: पहले आत्मदाह की चेतावनी, फिर पैर छूकर माफी मांगी
हल्द्वानी, अमृत विचार। देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ की सफाई कर्मी ने मंगलवार को बर्खास्त किए जाने को लेकर जमकर हंगामा काटा। वह सुबह मेयर के आवास पर आत्मदाह करने पहुंच गई। इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिस ने महिला को घेर लिया, बाद में आयोजित बैठक में महिला ने सफाई नायक के पैर छूकर माफी …
हल्द्वानी, अमृत विचार। देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ की सफाई कर्मी ने मंगलवार को बर्खास्त किए जाने को लेकर जमकर हंगामा काटा। वह सुबह मेयर के आवास पर आत्मदाह करने पहुंच गई। इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिस ने महिला को घेर लिया, बाद में आयोजित बैठक में महिला ने सफाई नायक के पैर छूकर माफी मांगी।
देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ ने चार माह पहले विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन किया था। आंदोलन के दौरान मारपीट के आरोप में नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कांडपाल ने आठ सफाई कर्मियों को बर्खास्त कर दिया था। तब से ही यह सफाई कर्मी बहाली की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं।
मंगलवार को बर्खास्त सफाई कर्मी अनीता बहाली की मांग को लेकर मेयर के आवास पर पहुंच गई। उसने बहाली नहीं होने पर आत्मदाह की चेतावनी दे डाली। इधर, आत्मदाह की सूचना पर पूर्व में पहुंची पुलिस ने उसे घेर लिया। सफाई कर्मी ने मेयर पर कई आरोप लगाए।
कहा कि मेयर एक ओर आचार संहिता में भी सफाई कर्मियों की भर्ती कर रहे हैं, वहीं बर्खास्त सफाई कर्मियों को बहाल नहीं किया जा रहा है। इसके बाद मेयर की मौजूदगी में उत्तराखंड स्वच्छकार कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष राम अवतार राजौर ने दोनों पक्षों के बीच बरेली रोड स्थित अपने आवास पर एक बैठक आयोजित की। बैठक में दोनों पक्षों में सुलह कराई गई और बर्खास्त महिला कर्मी ने पैर छूकर सफाई नायक राजेंद्र से माफी मांगी। इसी के साथ अध्यक्ष राजौर ने दोनों पक्षों को बुधवार को लिखित में राजीनामा लिखकर एक कॉपी निगम व दूसरी आयोग को देने के निर्देश दिए हैं।
बबीता
