बरेली: पाइप लाइन बिछाने के मामले में जांच करने पहुंची टीम
बरेली, अमृत विचार। शहर के वार्ड-78 सूफीटोला में जलकल विभाग की ओर से दोबारा से पाइप लाइन बिछाए जाने का मामले ने तूल पकड़ लिया है। जांच में जिम्मेदार अधिकारी शक के घेरे में खड़े हो गए हैं। मंगलवार को जलकल विभाग के अधिकारियों ने कांट्रेक्टर को मौके पर भेजकर पड़ताल कराई। साथ ही जिम्मेदारों …
बरेली, अमृत विचार। शहर के वार्ड-78 सूफीटोला में जलकल विभाग की ओर से दोबारा से पाइप लाइन बिछाए जाने का मामले ने तूल पकड़ लिया है। जांच में जिम्मेदार अधिकारी शक के घेरे में खड़े हो गए हैं। मंगलवार को जलकल विभाग के अधिकारियों ने कांट्रेक्टर को मौके पर भेजकर पड़ताल कराई। साथ ही जिम्मेदारों से पूछताछ की गई है। हालांकि जलकल विभाग के अधिकारियों का दावा है कि जो पाइप पहले पड़ी थी, उसके क्षतिग्रस्त होने के बाद नई लाइन बिछाई जा रही थी।
जलकल विभाग ने वार्ड-78 सूफीटोला में कई जगहों पर करीब 1200 मीटर पानी की पाइप लाइन बिछाने का टेंडर लगभग सात लाख रुपये की लागत से हुआ था। प्रमोद सेनेटरी स्टोर नाम की फर्म इस काम को करा रही थी। कांटेक्टर ने करीब 90 फीसदी पाइप लाइन बिछाने का काम पूरा भी कर लिया। इस बीच मंडलायुक्त के साथ नगर निगम व जलकल विभाग के अधिकारियों तक शिकायत पहुंची कि सूफीटोला वार्ड में पाइप लाइन बिछाने में केवल डेढ़ फुट गहराई में खुदाई हो रही है। इसके अलावा पाइप लाइन भी मानक के अनुसार नहीं है। साथ ही यह भी आरोप लगाया कि जिन जगहों पर पहले से पाइप लाइन बिछी थी, वहां पर दोबारा से लाइन बिछाई जा रही है। यह मामला पहुंचाया कि वार्ड में डॉ. जाकिर हुसैन मेमोरियल स्कूल के पास जिस एक गली में पानी की पाइप लाइन को बिछाया जा रहा है, वहां पहले से ही लाइन है।
इस मामले के सामने आने के बाद जलकल विभाग के महाप्रबंधक राजेश कुमार यादव ने कांट्रेक्टर प्रमोद खंडेलवाल के साथ विभागीय टीम को मौके पर भेजा। ठेकेदार का कहना है कि बाहर गए स्थानीय पार्षद के वापस आने के बाद ही आगे काम होगा। वार्ड के लोगों ने बताया कि मंगलवार तक जिस जगह पर पानी की पाइप लाइन बिछाई जा रही थी, फिलहाल उसे बंद करा दिया गया है। स्थानीय पार्षद मोहम्मद अंजुम का कहना है कि वे बाहर हैं। एक-दो दिन में वापस आ जाएंगे। इसके बाद काम शुरू होगा। जबकि स्थानीय लोगों का कहना है कि ठेकेदार जिस जगह पर लाइन बिछा रहा था, मंगलवार को वहां से पाइप लाइन के कुछ हिस्से को हटा कर काम बंद कर दिया गया है।
दूसरी गली में भी लाइन बिछाने की कोशिश लेकिन लोगों ने मना किया
सूफीटोला में जिस जगह पर पहले पानी की पाइप लाइन बिछाई जा रही थी। वहां पुरानी लाइन पहले से होने के चलते मंगलवार को मौके पर पहुंचे कांट्रेक्टर ने वहीं पास दूसरी जगह लाइन बिछाने की कोशिश की, लेकिन लोगों ने वहां भी पाइप लाइन होने की बात कहते हुए काम करने से रोक दिया।
वर्जन-
मैंने सूफीटोला में कांट्रेक्टर को मौके पर भेजा था। पता चला है कि वहां पानी की पुरानी पाइप लाइन ठीक नहीं है। इसलिए वहां नई लाइन डाली जा रही है। पाइप लाइन बिछाने में किसी तरह की गड़बड़ी नहीं होनी दी जाएगी। इस पर नजर है।
-राजेश कुमार यादव, महाप्रबंधक, जलकल विभाग
