हल्द्वानी से रखी जाएगी पूरे नैनीताल जिले पर नजर
सर्वेश तिवारी, हल्द्वानी, अमृत विचार। चुनाव की तारीख घोषित हो चुकी है और चुनाव को प्रभावित करने वाले भी चौकस हैं लेकिन पुलिस के बंदोबस्त भी तगड़े है। पुलिस के इंतजामों में सबसे महत्वपूर्ण सीसीटीवी हैं और इन्हें जिले में दाखिल होने वाली सभी सड़क पर लगा दिया गया है। योजना ये है कि जिले …
सर्वेश तिवारी, हल्द्वानी, अमृत विचार। चुनाव की तारीख घोषित हो चुकी है और चुनाव को प्रभावित करने वाले भी चौकस हैं लेकिन पुलिस के बंदोबस्त भी तगड़े है। पुलिस के इंतजामों में सबसे महत्वपूर्ण सीसीटीवी हैं और इन्हें जिले में दाखिल होने वाली सभी सड़क पर लगा दिया गया है। योजना ये है कि जिले की सीमा पर होने वाली हर गतिविधि की नजर अब हल्द्वानी से रखी जाएगी।
चुनाव में शराब परोसना और पैसों का लालच देकर मतदाताओं को लुभाने का खेल पुराना है और पुलिस भी इस खेल से भलीभांति परिचित है। पुलिस को भी खुफिया विभाग से ऐसे इनपुट मिले थे कि गैर राज्य और जिलों के असामाजिक तत्व नैनीताल में दाखिल हो सकते हैं। इस इनपुट के बाद पुलिस ने सबसे पहले जिलों से जुड़ने वाली सड़कों पर चौकसी बढ़ाई।
इसके तहत जिले से मिलने वाले सभी 13 रास्तों पर बैरियर लगा दिया गया है और इन सभी बैरियर पर पुलिस के साथ अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती कर दी गई। सुरक्षा को और पुख्ता करने के लिए सभी 13 बैरियर पर सीसीटीवी लगा दिए हैं। इन सीसीटीवी से निगरानी फिलहाल अभी बैरियर से ही हो रही है। कुछ दिनों के भीतर हल्द्वानी में एक कंट्रोल रूम बना दिया जाएगा। जिसके बाद 13 बैरियर पर लगे सभी सीसीटीवी हल्द्वानी में कंट्रोल रूम से जोड़ दिए जाएंगे। इससे बैरियर पर निगरानी तो और पुख्ता होगी, साथ ही हल्द्वानी में एक ही स्थान पर बैठ कर जिले से जुड़ने वाली सभी 13 सड़कों पर नजर भी रखी जा सकेगी।
जिले के सभी बैरियर पर सीसीटीवी लगा दिए गए हैं और सभी ने काम करना भी शुरू कर दिया है। अभी बैरियर से सीसीटीवी संचालित किए जा रहे हैं लेकिन जल्द ही सभी सीसीटीवी हल्द्वानी में तैयार होने वाले कंट्रोल रूम से जोड़ दिए जाएंगे।
-पंकज भट्ट, एसएसपी
हर बैरियर पर दो-दो कंपनी अर्द्धसैनिक बल
हल्द्वानी। यूं तो सभी 13 बैरियर पर पुलिस की तैनाती है लेकिन पुलिस के साथ ही बैरियर पर अर्द्धसैनिक बल भी तैनात किए गए हैं। हर बैरियर पर पुलिस के साथ दो-दो कंपनी अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। अर्द्धसैनिक बल आठ-आठ घंटे की शिफ्ट में बैरियर पर काम करेंगे और किसी भी विपरीत परिस्थिति में पुलिस का साथ देंगे। यदि परिस्थितियां ज्यादा विपरीत होती हैं तो मौके पर रिजर्व में रखे गए अर्द्धसैनिक बलों का इस्तेमाल किया जाएगा।
रजिस्टर में भी दर्ज होगा आने-जाने वालों का हिसाब
हल्द्वानी। सुरक्षा में कहीं कोई चूक हो और हर किसी की जिम्मेदारी तय करने के लिए सभी 13 बैरियर पर एक-एक रजिस्टर रखा गया है। इस रजिस्टर में जिले में दाखिल होने वाले वाहन का प्रकार, वाहन का नंबर और वाहन सवार लोगों की जानकारी दर्ज की जाएगी। बैरियर पर लोगों को यह भी बताना होगा कि वह कहां से आए हैं और कहा, किस मकसद से जा रहे हैं। वाहन की पूरी चेकिंग के बाद ही जिले में दाखिल होने की अनुमति दी जाएगी।
फिर भी चूक हुई तो कड़ी कार्रवाई के लिए तैयार रहें
हल्द्वानी। इस पर एसएसपी ने सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि इतनी चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद भी अगर कोई असामाजिक तत्व जिले में दुर्भावना के मकसद से दाखिल होता है या फिर जिले के बाहर से लाई गई शराब और धन जिले के भीतर से बरामद होता है तो इसकी सीधी जवाबदेही उस बैरियर पर लगे अधिकारी और पुलिस कर्मियों की होगी, जिस बैरियर से होते हुए वाहन जिले में पहुंचा होगा। इस चूक पर कड़ी कार्रवाई का फरमान है।
चुनाव में हाईवे पेट्रोल यूनिट का भी अहम किरदार
हल्द्वानी। चुनाव के दौरान हाईवे पेट्रोल यूनिट का अहम किरदार होगा। हालांकि अभी हाईवे पेट्रोल यूनिट के वाहन जिला पुलिस को मिले नहीं है लेकिन माना जा रहा है कि जल्द ही करीब आधा दर्जन चार पहिया वाहन मिल जाएंगे। ये वाहन हाईवे की निगरानी के लिए है और चुनाव में अहम भूमिका निभाएंगे। इस वाहन में एक एसआई या एएसआई के साथ पुलिस के दो सिपाही तैनात होंगे। हाल ही में पुलिस को सिटी पेट्रोल यूनिट के लिए वाहन मिले हैं।
इन बैरियर पर लगे हैं सीसीटीवी और अर्द्धसैनिक बल
1. रामनगर का मालधन, हल्दुआ और गर्जिया बैरियर
2. कालाढूंगी का बल्ली, गड़प्पू बैरियर
3. हल्द्वानी का टांडा बैरियर
4. लालकुआं का सुभाषनगर और गांधीनगर बैरियर
5. चोरगलिया का एमबीआर बैरियर
6. मुक्तेश्वर का पहाड़पानी बैरियर
7. भवाली का क्वारब और खैरना बैरियर
8. बेतालघाट का रचि बैरियर
